क्यों आम अमेरिकी से जुड़ा हुआ है गन कल्चर? जानिए बंदूक रखने को लेकर क्या कहता है देश का संविधान

0
43
Rajasthan News
gun culture in america

अमेरिका के लेविस्टन शहर में एक बंदूकधारी हमलावर द्वारा 22 लोगों को मौत के घाट उतारे जाने ने एक बार फिर से अमेरिका के गन कल्चर को केंद्र में ला दिया है। इसी साल न जाने अमेरिका में कितनी मास शूटिंग हो चुकी हैं। हालिया मामले के अलावा लोगों को वह हत्याकांड भी याद है जब टेक्सास में 19 मासूमों और 2 शिक्षकों को गोली मार दी गई थी। भले ही अमेरिकी नेता कुछ और वजह बताएं लेकिन अमेरिकी गन कल्चर इस तरह के हत्याकांडों के लिए जिम्मेदार है।

अमेरिकी बंदूक रखते क्यों हैं

जानकार बताते हैं कि अमेरिका में बंदूक बनाने वाली कंपनियां वहां गन कल्चर को जमकर बढ़ावा देती हैं। 2021 के एक आंकड़े की मानें तो अमेरिका में वयस्क आबादी में से एक तिहाई आबादी बंदूक रखती है। सवाल पैदा होता है कि अमेरिकी बंदूक रखते क्यों हैं? दरअसल ज्यादातर अमेरिकी सुरक्षा, शिकार और खेल के लिए बंदूक खरीदते हैं। अधिकतर लोग खुद की हिफाजत के लिए बंदूक रखते हैं। सालों साल बंदूक रखने का ये आंकड़ा बढ़ता जा रहा है। एक सर्वे की मानें तो अमेरिकियों के मुताबिक बंदूक रखना उनकी निजी स्वतंत्रता के लिए जरूरी है। कुछ लोग इसे अपने अस्तित्व से जोड़कर देखते हैं। बाकी इसे किसी न किसी कारण से महत्वपूर्ण मानते हैं।

नेशनल राइफल एसोसिएशन की भूमिका

अमेरिका के कुछ राज्यों में आत्म सुरक्षा के लिए बंदूक चलाने को वैध माना जाता है। विश्लेषक बताते हैं कि अमेरिका में नेशनल राइफल एसोसिएशन बंदूक नियंत्रण के खिलाफ है और सरकारी नीतियों को प्रभावित कर रही है। साथ ही सांसद और विधायकों को फंड भी देती है। एक कारण ये भी बताया जाता है कि अमेरिकी बढ़ते अपराध के चलते बंदूक खरीद रहे हैं। नेशनल राइफल एसोसिएशन खासकर बंदूक रखने को बढ़ावा देती है। बंदूक को एक आम अमेरिकी के अस्तित्व से जोड़ दिया जा रहा है। बंदूक रखने को आत्मनिर्भर होने, सुरक्षित रहने और किसी के आगे न झुकने के रूप में बताया जाता है। जिससे बंदूक खरीद में बढ़ोतरी होती जा रही है। अमेरिकी की राजनीति में बंदूक रखने का अधिकार बहस का एक अहम मुद्दा है।

शूटिंग के इरादे हमेशा स्पष्ट नहीं होते

हाल के वर्षों में अमेरिकियों ने चर्चों, किराने की दुकानों, संगीत समारोहों , कार्यालय, पार्कों और यहां तक कि दोस्तों और पड़ोसियों के घरों के अंदर बड़े पैमाने पर गोलीबारी की घटनाएं देखी हैं। बंदूक हिंसा अन्य समुदायों के प्रति नफरत, एक समूह के भीतर शिकायतें, परिवारों के भीतर कलह और सहकर्मियों के बीच कड़वाहट से उत्पन्न हो सकती है। लेकिन सब घटनाओं में एक बात आम है कि कोई व्यक्ति द्वेष से बंदूक उठा लेता है।

बंदूक रखने को संवैधानिक संरक्षण

अमेरिकी बंदूक हिंसा पर चर्चा में उजागर किया गया पहला बिंदु बंदूकों तक आसान पहुंच है। हालांकि अमेरिका में विभिन्न राज्यों में बंदूकों पर अलग-अलग कानून हैं, अमेरिकी संविधान मोटे तौर पर अमेरिकी नागरिकों को हथियार रखने का अधिकार प्रदान करता है। इसलिए बंदूकें रखना अमेरिकी संविधान द्वारा संरक्षित है। अमेरिकी संविधान के दूसरे संशोधन में कहा गया है, “लोगों के हथियार रखने और धारण करने के अधिकार का उल्लंघन नहीं किया जाएगा।” 2008 के एक ऐतिहासिक फैसले में, अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि “तत्काल आत्मरक्षा के उद्देश्य से घर में किसी भी वैध बंदूक को चलाने पर प्रतिबंध” असंवैधानिक है।

अमेरिका में बंदूक पर बहस

एक पक्ष का मानना है कि कुछ खास वर्ग के लोगों, जैसे मानसिक रूप से अस्थिर और नस्लवादी व्यक्तियों के चलते गोलीबारी होती है। दूसरे पक्ष का कहना है कि अगर इन लोगों के पास बंदूकों तक पहुंच नहीं है, तो वे आसानी से लोगों को गोली नहीं मार सकते। इस तर्क का विरोध यह कहकर किया जाता है कि जो व्यक्ति हत्या करना चाहता है, वह किसी भी तरह से हत्या करने का एक तरीका ढूंढ लेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here