अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा मनुष्यों को चांद पर भेजने की अपनी पुरानी योजना पर फिर से अमल कर सकती है। यह जानकारी अमेरिकी उप राष्ट्रपति माइक पेंस ने दी है। उन्होंने कहा ट्रंप प्रशासन जल्द ही मनुष्य को फिर से चांद पर भेजने की योजना पर काम शुरू कर सकता है। गौरतलब है कि पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा ने अपने अंतरिक्ष नीति को मंगल ग्रह पर केंद्रित किया था।

नेशनल स्पेस काउंसिल की बैठक में बोलते हुए पेंस ने ट्रंप प्रशासन की इस मंशा के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जल्द ही हम नासा को निर्देशित करेंगे कि वह मनुष्य को चंद्रमा पर भेजने की दिशा में दोबारा काम शुरू करे।

पेंस ने कहा कि अमरिकियों को मंगल से परे जाने की जरूरत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नासा के अंतरिक्ष यात्री इस बार चांद पर सिर्फ अपने पद चिन्ह छोड़ने और झंडे गाड़ने नहीं, बल्कि वहां ढांचा तैयार करने जाएंगे। पेंस ने जोर देते हुए कहा कि ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका फिर से अंतरिक्ष में सफलता का परचम फहराएगा और दुनिया का नेतृत्व करेगा। पेंस ने स्पष्ट किया कि अंतरिक्ष क्षेत्र मेंं बढ़त बनाना ट्रंप प्रशासन की एक राष्ट्रीय प्राथमिकता है।

आपको बता दें कि पेंस की यह घोषणा पूर्व राष्ट्रपति जॉर्ज बुश की अंतरिक्ष संबंधी नीतियों से प्रभावित है, क्योंकि बुश की अंतरिक्ष नीति चंद्रमा आधारित थी। हालांकि ओबामा के सत्ता में आने पर उन्होंने इसे बदलकर मंगल ग्रह पर केंद्रित कर दिया था,  जिसका बुश ने विरोध किया था।

चांद पर दोबारा पहुंचने के लिए ट्रंप प्रशासन या नासा द्वारा अभी कोई समय सीमा नहीं तय की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here