भारत को अगर क्रिकेट का सम्राट कहा जाए तो कोई अचरज की बात नहीं होगी। एक तरफ जहां कोहली बिग्रेड ने साउथ अफ्रीका को पहले वनडे में करारी शिक्सत दी तो वहीं अंडर-19 की भारतीय टीम ने विश्वकप क्रिकेट में देश का परचम लहराया। जी हां,  भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच अंडर 19 विश्व कप का फाइनल मुकाबले को भारत ने 08 विकेट से जीत लिया है। भारत के हीरो रहे मनजोत कालरा ने 101 गेंदों में शानदार शतक बनाया। मनजोत दूसरे भारतीय खिलाड़ी हैं जिन्होंने अंडर 19 वर्ल्डकप टूर्नामेंट के फाइनल में शतक लगाया है।  मनजोत के 102 गेंदों पर 101 रन के अलावा हार्विक देसाई ने उनका साथ देते हुए शानदार 47 रन बनाए। बता दें कि  भारत ने रिकॉर्ड चौथी बार अंडर-19 विश्व कप खिताब हासिल किया, वह यह उपलब्धि हासिल करने वाला पहला देश बना।

ऑस्ट्रेलिया की पारी को 47.2 ओवरों में 216 पर समेटने के बाद भारत ने 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। भारत ने ऑस्ट्रेलया के दिए 217 रन के लक्ष्य को 39वें ओवर में ही हासिल कर लिया था। इससे पहले  2000, 2008 और 2012 में भारत ने विश्वकप खिताब जीता था। ऑस्ट्रेलिया अब इस मामले में तीन खिताबों (1988, 2002 और 2010) के साथ दूसरे स्थान पर है।

टॉस जीतकर ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाजी का फैसला किया था, एक वक्त ऐसा लग रहा था कि ऑस्ट्रेलिया 250 रनों का आंकड़ा आसानी से पार कर लेगी। मगर 150 रनों के पार पहुंचने के बाद ही टीम लड़खड़ाने लगी और पूरी टीम 48वें ओवर में महज 216 रनों पर ढेर हो गई। ऑस्ट्रेलिया की तरफ से मर्लो ने सबसे ज्यादा 76 रन बनाए। उसके बाद भारतीय टीम लक्ष्य का पीछा करने उतरी।  भारत को कप्तान पृथ्वी शॉ और मनजोत कालरा ने अच्छी शुरुआत दिलाते हुए पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़े। भारत को पहला झटका सदरलैंड ने दिया जब उन्होंने शॉ (29) को बोल्ड किया। इसके बाद मनजोत का साथ देने शुभमन क्रीज पर उतरे और उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। उप्पल ने शुभमन (31) को बोल्ड कर ऑस्ट्रेलिया को महत्वपूर्ण सफलता दिलाई। इसके बाद मनजोत को हार्विक देसाई का साथ मिला और दोनों ने टीम को आसान जीत दिलाई। मनजोत 102 गेंदों में 8 चौकों और 3 छक्कों की मदद से 101 और हार्विक 47 रन बनाकर नाबाद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here