बिहार के खगड़िया जिले में अपराधियों और पुलिस की मुठभेड़ में पसराहा थाना के प्रभारी आशीष कुमार की गोली लगने से घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस मुठभेड़ में गोली लगने से एक सिपाही भी घायल हो गया है। सिपाही को इलाज के लिए भागलपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, मुठभेड़ में एक अपराधी भी मारा गया है।

पुलिस को जानकारी मिली थी कि खगड़िया जिले के सीमावर्ती सलालपुर दियारा में कुख्यात अपराधी दिनेश मुनि अपने साथियों के साथ छुपा हुआ है। इसी के बाद पसराहा थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह पुलिस बल के साथ इलाके में निकल गए। घटनास्थल पर पहुंचने के बाद दोनों तरफ से गोलीबारी शुरू हो गई। दोनों तरफ से हो रही फायरिंग में थाना प्रभारी आशीष कुमार सिंह के सीने में गोली लगी और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं एक सिपाही गोली लगने से घायल हो गया।

मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद खगड़िया एसपी, डीएसपी सहित कई थाना प्रभारी राखी घटनास्थल की ओर रवाना हो गए। दिनेश मुनि खगड़िया और दियारा इलाके का आतंक है। मर्डर, लूट और अपहरण जैसे कई संगीन मामलों में वो आरोपी है।

बता दें, कि ये घटना खगड़िया और नवगछिया के सीमा क्षेत्र के दियारा इलाके की है। घटना के बाद खगड़िया एसपी मीनू कुमार ने पूरे दल-बल के साथ इलाके में छापेमारी शुरू कर दी है। दिनेश मुनि गैंग के गुर्गों को गिरफ्तार करने के लिए खगड़िया और नवगछिया में सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। दिनेश मुनि खगड़िया का कुख्यात अपराधी है, उसके ऊपर हत्या, लूट, डकैती और अपहरण के दर्जनों मामले दर्ज हैं। खगड़िया समेत आसपास के दूसरे जिलों में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज हैं। 6 महीने पहले दिनेश मुनि के गुंडों ने खगड़िया में एक बस को लूट लिया था। इस मामले में भी पुलिस को उसकी तलाश थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here