कर्नाटक में चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे-वैसे राजनेताओं के वार-पलटवार भी तेज होते जा रहें हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कर्नाटक दौरे पर है।

अमित शाह ने कर्नाटक के हुम्नाबाद में रैली के दौरान कांग्रेस पर एक के बाद कई हमले किए। उन्होंने राहुल गांधी के आरोपों पर कहा कि हमने किसी उद्योगपति का कर्ज माफ नहीं किया है। राहुल गांधी झूठ बोल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि बीजेपी किसानों के लिए काम करने वाली सरकार है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में गन्ना किसानों की बकाया राशि का भुगतान 90 दिनों के अन्दर किया गया।

यही नहीं अमित शाह ने किसानों के लिए लुभावन वादों की झड़ी लगा दी। अमित शाह ने गन्ना किसानों को संबोधित करते हुए उनकी समस्या को खत्म करने का वादा किया। कुछ समय बाद राज्य में चुनाव होने वाले हैं इसी वजह से शाह वहां पार्टी के प्रचार के लिए पहुंचे हैं।

उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद जब कर्नाटक में हमारी सरकार आएगी तो हम चीनी मिल को दोबारा शुरु करेंगे। बिना किसी देरी के उसे चलाया जाएगा। यह हमारे कर्नाटक के घोषणा पत्र में शामिल होगा।

बता दें कि कर्नाटक पहुंचे राहुल गांधी ने नरेंद्र मोदी के विकास मॉडल पर तंज कसा था उन्होंने कहा कि नीरव मोदी, विजय माल्या और ललित मोदी करोड़ों रुपये लेकर विदेश भाग गए लेकिन खुद को देश का चौकीदार कहने वाले नरेंद्र मोदी ने एक शब्द नहीं बोला। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों का पैसा गरीब की जेब से निकालकर उद्योगपतियों को दिया जा रहा है। अपने देश के 10 सबसे अमीर उद्योगपतियों का लोन माफ किया। उन्होंने व्यंग्यात्मक लहजे में पूछा कि मोदी जी क्या आप हिंदुस्तान के किसानों का लोन माफ करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here