‘एंसिएंट विसडम टू एलिवेट योर माइंड’ में पौराणिक ग्रंथों से 50 कहानियों का खजाना लेकर आए हैं लेखक शुभ विलास

0
38

एंसिएंट विसडम टू एलिवेट योर माइंड (Ancient Wisdom to Elevate Your Mind) लेखक शुभ विलास द्वारा लिखी गई किताब है। यह किताब कहानियों का संग्रह है। जिसमें महाभारत, रामायण, उपनिषद और पुराणों से छोटी-छोटी 50 कहानियां चुनी गई हैं। हर कहानी के अंत में लेखक ने कहानी का सार बताया है और पाठकों के लिए एक संदेश दिया है।

लेखक बताते हैं कि कैसे आप इन कहानियों से शिक्षा लेकर खुद की कमजोरियों से पार पा सकते हैं। मानवीय क्षमता के बारे में बताने वाली कहानियां लेखक ने पाठकों के लिए चुनी हैं। इन कहानियों से शिक्षा लेकर पाठक खुद के जीवन में बदलाव ला सकते हैं। यह किताब आपको जीवन के प्रति नजरिया बदलने और चुनौतियों का सामना करने के लिए प्रेरित करती है। साथ ही कहानियां मानव स्वभाव के बारे में भी गहरी समझ बनाती हैं।

पाठकों के लिए यहां हम इस किताब से एक कहानी का उल्लेख करना चाहेंगे। इस किताब की चौथी कहानी में यमराज अपनी पत्नी को बहुत नापसंद करते हैं और जहां वह होती है वह वहां एक पल के लिए भी नहीं रह सकते। लेकिन यमराज अपने बेटे यमकुमार से बहुत प्यार करते हैं।

कहानी में यमराज अपने बेटे को लोगों का उपचार करने को कहते हैं। यमराज अपने बेटे यमकुमार से कहते हैं कि जब भी वह अपने मरीज के पास यमराज को देखें तो समझ जाएं कि मरीज का जीवन समाप्त होने को है। एक बार यमकुमार एक राजुकमारी का इलाज करते हैं। जिसे वह बहुत चाहने लगते हैं लेकिन उन्हें उस राजकुमारी के पास यमराज दिखते हैं। यमकुमार अपने पिता से कहते हैं कि वे तीन दिन का समय दें और यमराज मान जाते हैं। तीन दिन बाद यमराज फिर से आ जाते हैं। लेकिन राजकुमारी फिर भी सही नहीं होती। ऐसे में यमकुमार दिमाग लगाते हैं और अपनी मां को बुलाते हैं। जैसे ही यमराज अपनी पत्नी को वहां देखते हैं तो वहां से भाग जाते हैं। इस तरह यमकुमार राजकुमारी की जान बचा लेते हैं।

कहानी के आखिर में लेखक बताते हैं कि कुछ लोग ऐसे होते हैं जो दूसरों के जीवन को खराब कर देते हैं। पहले तो ये लोग आपको उकसाएंगे और फिर आप को पछतावा होगा कि आप उनकी बातों पर क्यों भड़के। ऐसे लोग आपके जीवन से सबकुछ अच्छी चीजें छीन लेते हैं। हमेशा उस रिश्ते में प्यार होता है जहां देने पर जोर होता न की सिर्फ उम्मीद करने पर। प्यार करने वाला व्यक्ति आपको खुद से प्यार करना सिखाता है। प्यार में दोनों व्यक्ति अपनी सबसे सर्वोच्च स्थिति को प्राप्त करते हैं।

आप इस किताब को पढ़ेंगे तो पढ़ते ही जाएंगे। काफी आसान भाषा में यह किताब लिखी गई है। हमारे पौराणिक ग्रंथों से चुनी गई 50 कहानियां किसी खजाने से कम नहीं हैं। इसलिए यह किताब जरूर पढ़ी जानी चाहिए।

आपको बता दें कि शुभ विलास एक लाइफस्टाइल कोच हैं और एक आध्यात्मिक साधक भी। उन्होंने कई किताबें लिखी हैं और रामायण: द गेम ऑफ लाइफ उनकी सबसे ज्यादा बिकने वाली किताब है।

किताब के बारे में-

एंसिएंट विसडम टू एलिवेट योर माइंड

लेखक: शुभ विलास

प्रकाशक: जैको पब्लिशिंग हाउस

पेज: 240

मूल्य: 399 रुपये पेपरबैक

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here