भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्या को ब्रिटेन की कोर्ट से बड़ा झटका लगा है। ब्रिटेन की कोर्ट ने प्रवर्तन अधिकारियों और उनके एजेंट्स को तलाशी लेने की अनुमति दे दी है। इसके तहत अधिकारी और उसके एजेंट को ब्रिटेन के वेलविन इलाके में तेविन नामक स्थान पर लेडीवॉक और ब्रैंबल लॉज में उनके ठिकानों में प्रवेश की अनुमति होगी। माल्या इस समय वहीं पर रह रहे हैं। एजेंटों को बल प्रयोग का भी अधिकार होगा। हालांकि, अदालत के आदेश में ये कहा गया है कि ये प्रवेश का निर्देश नहीं है। इसका मतलब है कि बैंकों के लिए ये एक साधन है, जिसका इस्तेमाल वे करीब 1.14 अरब पाउंड की वसूली के लिए कर सकते हैं।

दूसरी ओर बेंगलुरु पुलिस ने भी प्रवर्तन निदेशालय के माध्‍यम से दिल्‍ली की पटियाला हाउस कोर्ट में एक रिपोर्ट दाखिल की है, जिसमें कहा गया है कि उन्‍होंने भगोड़े शराब कारोबारी विजय माल्‍य और यूनाइटेड ब्रेवरीज की 159 संपत्तियों को चिन्हित किया है। बेंगलुरु पुलिस ने अब और संपत्तियों की पहचान करने के लिए अधिक समय मांगा है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट प्रवर्तन निदेशालय की उस याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें विजय माल्या की संपत्तियों को अटैक करने की मांग की गई है। दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट ने विजय माल्या को विदेशी मुद्रा विनियमन अधिनियम के नियमों का उल्लंघन करने के एक मामले भगोड़ा घोषित कर दिया था। इस मामले की अगली सुनवाई 11 अक्‍टूबर को होगी। माल्या पर बैंकों के साथ कर्ज में 9,000 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और मनी लांड्रिंग का आरोप है और वो अपने को भारत को सौंपे जाने की भारतीय एजेंसियों की ओर से दाखिल अर्जी का विरोध कर रहे हैं।।

                                                                                                               ब्यूरो रिपोर्ट, एपीएन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here