हर लड़की का सपना होता है कि कोई राजकुमार आएगा और उससे विवाह कर उसे डोली में उठा ले जाएगा। इसी सपने को संजोए दुल्हन अपने विवाह के दिन लाल जोड़े में सजी, हाथ में मेंहदी लगाए दुल्हन अपने होने वाले पति की राह ताकती है। लेकिन बलिया जिले के दोकटी थाना क्षेत्र के दामोदरपुर गांव से एक अजीबो गरीब मामला सामने आया है। हुआ यूं कि 10 जून को दलनछपरा निवासी धनपति राम के बेटे की बारात दुल्हन के घर से बैरंग इसलिए लौट गई क्योंकि दुल्हा विवाह की रस्म के दौरान मुंह में गुटखा दबाए हुए था। दुल्हे की इस हरकत से नाराज दुल्हन संगीता ने शादी करने से इनकार कर दिया।

बता दें कि जयमाल के दौरान स्टेज पर पहुंची दुल्हन की सहेलियों ने दुल्हे को मुंह में गुटखा देख, खिंचाई करते हुए कहा, ’कम से कम एक दिन तो गुटखा नहीं खाते।’ यह बात दुल्हे को इतनी नागवार लगी की उसने स्टेज पर ही दुल्हन की सहेलियों को भला बुरा कहना शुरू कर दिया। जिसके बाद दुल्हे की बात से नाराज सहेलियों ने पूरी आप बीती दुल्हन को सुनाई। दुल्हे की इस हरकत से नाराज दुल्हन ने तत्काल शादी से इनकार कर दिया और दुल्हे सहित बारातियों को वापस करने की जिद्द पर अड़ गई।

इसके बाद कन्या पक्ष ने वर पक्ष को शादी से इनकार कर दिया और शादी में हुए खर्च की रकम वापस मांगी। इस दौरान माहौल इतना संगीन हो गया कि घरातियों ने दुल्हे सहित बारातियों को बंधक बना लिया। लेकिन धीरे-धीरे दुल्हा सहित बराती वहां से खिसक गए। रविवार को मामला थाने पहुंचा जहां दोनों पक्षों की बातचीत सुनकर थानाध्यक्ष विजय सिंह व चौकी इंचार्ज जगदीश विश्वकर्मा ने स्थानीय लोगों की पंचायत बुलाई। पंचायत के दौरान पंचों ने निर्णय लिया की दोनों पक्ष एक दूसरे के सामान लौटा दें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here