देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में लगातार भारी बारिश हो रही है। पांचवे दिन भी लगातार बारिश से मुंबई बेहाल है। मुंबई का कोना-कोना पानी में डूबा हुआ है। हालांकि, मंगलवार रात से बारिश कुछ इलाकों में थमी हुई है। इसके बावजूद लोग परेशानियां झेल रहे हैं।

वहीं वेस्टर्न लाइन भी पानी भरने की वजह से शुरू नहीं हो पाई है। मुंबई से बाहर जाने वाली कई एक्सप्रेस और मेल ट्रेन रद्द कर दी गई हैं। वसई, नालासोपारा और विरार के ट्रैक पर टेस्ट किया जा रहा, लेकिन पानी भरे होने के कारण ट्रेन चल नहीं पा रही है। रेलवे के अलावा सड़कों पर भी लोग बेहाल हैं। मलाड और कांदिवली के बीच वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लगा हुआ है। कल रात से इस रूट पर गाड़ियां फंसी हुई हैं।

वहीं, वसई में तो हालात बेहद खराब है। यहां कल रात से बारिश थमी हुई है। इसके बावजूद यहां कई इलाके जलमग्न हैं। अधिकतर इलाकों में तो बिजली भी नहीं है।

बारिश की चेतावनी को देखते हुए एनडीआरएफ और नेवी को अलर्ट पर रखा गया है। लंबी दूरी की मुंबई आने वाली या जाने वाली कई ट्रेनें मुंबई-गुजरात और मुंबई-नई दिल्ली के रास्ते चलाई गईं ।  पालघर से सटे वसई में बाढ़ में 400 से ज्यादा लोग दो दिन से फंसे हैं। यहां राहत-बचाव काम के लिए एनडीआरएफ की एक कंपनी तैनात की गई है। फंसे लोगों ने घरों से निकलने से मना कर दिया।

मुंबई के अलावा ठाणे, पालघर, रायगढ़ में भी भारी बारिश हुई है। मौसम विभाग ने मुंबई सहित महाराष्ट्र के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। मुंबई में सोमवार को औसत से पांच गुना ज्यादा बारिश हुई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here