महिला दिवस को बीते एक दिन भी नहीं हुआ कि महिलाओं के सम्मान और गरिमा की बात करने वाले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज्य में ही उनके सम्मान और अधिकार के लिए महिलाओं को टॉर्चर किया जा रहा है। महिला दिवस पर प्रदेश भर की महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित करने वाले सीएम योगी के ही हेल्पलाइन में कार्यरत महिलाओं का उत्पीड़न किया जा रहा है।

दरअसल, यूपी के गोमतीनगर के विभूतिखंड में साइबर हाईट में सीएम हेल्पलाइन संचालित की जाती है। बीपीओ स्योरविन नामक कंपनी इसका काम देख रही है। इसके अंडर में लड़कियों समेत कई टेलीकॉलर सीएम हेल्पलाइन में काम कर रहे हैं। शुक्रवार को सीएम हेल्पलाइन में युवतियों से अभद्रता की गई। टॉर्चर के कारण लड़कियां बेहोश हो गईं। जिसके बाद उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वेतन नहीं मिलने के कारण विरोध कर रहीं करीब 20 युवतियों को शुक्रवार सुबह एक कमरे में बंद कर दिया गया। लड़कियों ने बताया कि तीन चार महीने से हमें वेतन नहीं मिला। इसके लिए कई बार मांग उठाई गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

युवतियों ने आरोप लगाया कि उनके ट्रेनर और सुपरवाइजर अनुराग व आशुतोष ने उनसे जबरन सफेद कागज पर साइन करवा लिए। उन्हें अपशब्द सुनाते हुए उनके साथ बदतमीजी की गई।

लड़कियों ने आरोप लगाया कि इस दौरान कुछ लड़कियों के साथ अभद्रता भी की गई। उनके दुपट्टे तक गले से खींच लिए गए। टॉर्चर के कारण कई लड़कियां बेहोश हो गईं। उनके बेहोश होते ही हड़कंप मच गया। जिसके बाद युवतियों को तुरंत कमरे में से निकाला गया और उन्हें लोहिया अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here