अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित youtube मुख्यालय में गोलीबारी की वारदात से लोग दहल गए। इस गोलीबारी में कम से कम चार लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। youtube मुख्यालय पर गोलीबारी एक महिला बंदूकधारी ने की। इसके बाद महिला शूटर ने खुद को भी गोली मारकर आत्महत्या कर ली।

घटनास्थल पर भगदड़ सी मच गई। घबराए हुए लोगों को सुरक्षाबलों ने तुरंत इमारत से बाहर निकाला। शूटिंग की जानकारी मिलते ही घटनास्थल पर एंबुलेंस पहुंच गई थीं और पुलिस ने लोगों को इलाके से दूर रहने को कहा। इसके बाद यू-ट्यूब ऑफिस को भी बंद कर दिया गया और लोगों को बाहर निकाला गया।

इस हमले में घायल हुए चार लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अधिकारियों का कहना है कि गोलीबारी में घायल चार लोगों में से एक को महिला बंदूकधारी जानती थी। स्थानीय मीडिया के मुताबिक घायल युवक को संदिग्ध हमलावर महिला शूटर का प्रेमी बताया जा रहा है।

सैन ब्रूनो पुलिस चीफ एड बारबेरिनी ने बताया कि यू-ट्यूब मुख्यालय में गोलीबारी करने वाली महिला बंदूकधारी बिल्डिंग के अंदर मृत पाई गई। उन्होंने कहा कि महिला बंदूकधारी ने फायरिंग के बाद गोली मारकर खुदकुशी कर ली।

वहीं, गूगल के सीईओ सुंदर पिचई ने यू-ट्यूब मुख्यालय में हुई गोलीबारी की घटना को लेकर ट्विटर पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि यू-ट्यूब मुख्यालय में हुई गोलीबारी की घटना को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। यू-ट्यूब की सीईओ वोजिकी और मैं इस मुश्किल घड़ी में कर्मचारियों और यू-ट्यूब कम्युनिटी को सपोर्ट करने में फोकस कर रहें है। उन्होंने पुलिस को धन्यवाद कहा। साथ पिचाई ने कहा कि अब हर किसी को सुसान और यू-ट्यूब टीम के समर्थन में आना चाहिए।

अमेरिकी राष्‍ट्रपति डोनाल्‍ड ट्रंप ने इस घटना के बाबत ट्वीट कर कहा, ‘हमारे विचार और प्रार्थना हर किसी के साथ हैं। मौके पर मौजूद हमारे अभूतपूर्व कानून प्रवर्तन अधिकारियों और प्रथम उत्तरदाताओं को धन्यवाद।

फिलहाल इस गोलीबारी की वजह साफ नहीं हो पाई है, लेकिन सुरक्षा एजेंसियां घरेलू विवाद मानकर इसकी जांच कर रही हैं। जांच के बाद ही गोलीबारी की वजह साफ हो पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here