गुजरात की पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता आनंदीबेन पटेल मध्य प्रदेश की नई राज्यपाल होंगी। आनंदी पटेल को ओम प्रकाश कोहली की जगह पर मध्‍य प्रदेश का राज्‍यपाल बनाया जाएगा। खबरों के मुताबिक, उनके हामी भरने के बाद उनको राज्यपाल बनाया जा रहा है। गौरतलब है कि गुजरात के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने वाली आनंदीबेन के लंबे समय से राज्यपाल बनाए जाने की चर्चा चल रही थी। इससे पहले सितंबर 2016 से राज्य के राज्यपाल का अतिरिक्त कार्यभार ओमप्रकाश कोहली संभाल रहे थे।  उन्हें रामनरेश यादव का कार्यकाल पूरा होने के बाद यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। लेकिन अब गुजरात को अपना पूर्णकालिक राज्यपाल मिल जाएगा क्योंकि  आनंदी बेन मध्यप्रदेश की पूर्णकालिक राज्पाल होंगी।

गौरतलब है कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद गुजरात में आनंदी बेन को मुख्यमंत्री बनाया गया था। वह 22 मई 2014 से सात अगस्त 2016 तक सीएम रहीं। जब उन्होंने गुजरात विधानसभा चुनाव लड़ने से इन्कार कर दिया था, तभी से उन्हें मध्य प्रदेश का राज्यपाल बनाए जाने की चर्चा थी। वे गुजरात की मुख्यमंत्री बनने वाली पहली महिला रही हैं। पिछले तीन दशक से भाजपा में सक्रिय आनंदीबेन पटेल को राज्यपाल बनाए जाने की अटकलें अगस्त 2016 से ही लगाई जा रही थीं। उन्होंने तब मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दिया था।  कहा जाता है कि पाटीदार आंदोलन और दलित प्रदर्शन को संभालने में नाकाम रहने के चलते उन्‍हें कुर्सी गंवानी पड़ी थी।

अभी गुजरात विधानसभा चुनाव में भी आनंदी बेन पटेल ने चुनाव लड़ने से मना कर दिया था। उन्होंने अमित शाह को पत्र लिखकर कहा था कि उनकी जगह किसी युवा कार्यकर्ता को टिकट दिया जाए। हालांकि पीएम मोदी के सभी गुजरात दौरों में आनंदीबेन को काफी महत्व दिया गया था। मुख्‍यमंत्री बनने से पहले वह 2002 से 2007 तक गुजरात की शिक्षा मंत्री थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here