उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस खासी उत्साहित है। पार्टी की नजरें दमदार प्रत्याशियों पर टिकी हैं। पार्टी ने जिन वरिष्ठ नेताओं को पर्यवेक्षक नामित कर प्रत्याशियों के चयन का जिम्मा सौंपा है, उन्होंने दौड़-भाग शुरू कर दी है। निकाय चुनाव के लिए आरक्षण तय नहीं होने से पर्यवेक्षकों को मुश्किलों से भी जूझना पड़ रहा है। विधानसभा चुनाव में करारी शिकस्त झेली चुकी कांग्रेस निकाय चुनाव में मजबूती से ताल ठोकने जा रही है। इसके लिए माहौल बनाने पर खास जोर दिया जा रहा है।

पार्टी की रणनीति निकाय चुनाव में सत्तापक्ष विरोधी माहौल को हवा देने और माहौल को भुनाने के लिए निकाय चुनाव में दमदार प्रत्याशी उतारने पर है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने जिलेवार प्रत्याशियों को अंतिम रूप देने के लिए वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी है। जिलेवार नामित दो-दो पर्यवेक्षकों को दौरा कर पहले चरण में स्थानीय दिग्गजों और कार्यकर्ताओं की थाह लेना है। इसकी शुरुआत हो चुकी है। पर्यवेक्षकों को निकाय चुनाव के लिए वार्डवार और मेयर, पालिका परिषद और नगर पंचायतों के अध्यक्ष पदों के लिए बड़ी सूची के बजाय छोटी सूची तैयार करने की हिदायत दी गई है।

इस कवायद के पीछे मंशा जिताऊ प्रत्याशियों को आगे बढ़ाने की है। हालांकि, यह काम आसान नहीं है। लिहाजा कई स्तरों पर फीडबैक लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। संगठन के सक्रिय कार्यकर्ताओं और विधायकों और पूर्व विधायकों से भी मशविरा किया जा रहा है। हालांकि, प्रत्याशियों के चयन को लेकर लंबी मशक्कत होनी तय है। इसकी वजह आरक्षण का तय होना भी है। इस वजह से हर सीट के लिए सामान्य, एससी, ओबीसी और महिला कोटे से प्रत्याशियों की सूची तैयार की जा रही है।

वहीं माहौल बनाने के लिए प्रदेश संगठन की तरफ से गढ़वाल और कुमाऊं मंडल में कई स्थानों पर बैठकें और जनसंपर्क कार्यक्रमों पर फोकस किया गया है। इस कड़ी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह इन दिनों गढ़वाल मंडल के दौरे पर हैं। निकाय चुनाव के संबंध में प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह का कहना है कि कांग्रेस पूरी ताकत से चुनावी मैदान में डटेगी। प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया में हर जिले में वरिष्ठ नेताओं को जिम्मेदारी सौंपी गई है। माहौल कांग्रेस के पक्ष में है।

हिमांशु कुमार सिंह

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here