पूर्वोत्तर के तीन राज्यों त्रिपुरा, नगालैंड और मेघालय के विधानसभा चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों में त्रिपुरा में लेफ्ट और बीजेपी+ के बीच कांटे की टक्कर नजर आई। लेकिन अब बीजेपी गठबंधन आगे निकलकर सरकार बनाने की स्थिति में दिख रहा है। 35 साल में पहली बार बीजेपी को त्रिपुरा में इतनी कामयाबी मिली है। 25 साल से लगातार सत्ता में रहे लेफ्ट की आधी से भी कम सीट रह गई हैं। वहीं, नगालैंड और मेघालय में भी सरकार बनाने के समीकरण बीजेपी के ही फेवर में नजर आ रहे हैं। आज सुबह मतों की गिनती का काम कड़ी सुरक्षा के  बीच शुरु हुआ था।

हम आपको बता दें कि पूर्वोत्तर के तीन राज्यों के चुनाव आगामी लोकसभा चुनावों को देखते हुए काफी अहम माने जा रहे थे। इनमें से खास कर त्रिपुरा के चुनाव पर पूरे देश की निगाहें लगी हुई थी। यहां पर पिछले 25 साल से वामपंथियों की यहां की सत्ता पर कब्जा था और अपनी सादगी के लिए जाने जानेवाले माणिक सरकार 20 साल से लगातार सरकार में बने थे। 2018 के त्रिपुरा के विधानसभा चुनाव नतीजे कई मायने में अप्रत्याशित है।  पिछले चुनाव में महज 2 फीसदी सीट हासिल करनेवाली भाजपा शानदार धमक के साथ यहां की सत्ता पर काबिज होने जा रही है। अपनी इस जीत से बीजेपी काफी उत्साहित है।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने त्रिपुरा चुनाव के रूझान सामने आने और भाजपा को सरकार के करीब पहुंचते देख इसे पूर्वोत्तर में ऐतिहासिक जीत करार दिया है। योगी ने कहा कि पहले असम उसके बाद अब त्रिपुरा ये इस बात का संकेत है कि पूर्वोत्तर के लोगों ने पीएम मोदी में विश्वास जताकर अपना जनादेश दिया है।

त्रिपुरा चुनाव के लिए भाजपा ने खास रणनीति तैयार की थी। जिसके चलते सीपीएम के सामने यह एक बड़ी चुनौती थी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने जोरदार चुनावी अभियान करते हुए धुआंधार रैली की और यहां के लोगों से सीधे संवाद किया।

फिलहाल पूर्वोत्तर राज्यों के नतीजे या रुझान निम्नवत हैं….

पार्टी 2018 के नतीजे/रुझान 2013 में सीटें
सीपीएम 19 49
कांग्रेस 00 10
बीजेपी+ 40 00
अन्य 00 01

रुझान को देखते हुए, बीजेपी के नेता तीनों राज्यों में अपनी सरकार बनाने का दावा भी करने लगे हैं। पर अभी अंतिम परिणाम आने बाकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here