देश के गृह मंत्री अमित शाह आज उत्तर प्रदेश दौरे पर हैं। साल 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले अमित शाह ने उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ को बड़ी सौगात दी है। गृहमंत्री का अगला लक्ष्य मिर्जापुर होगा। वे लखनऊ से मिर्जापुर का सफर तय करेंगे। भाजपा ने उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव 2022 की जोरदार तैयारी शुरू कर दी है। गृह मंत्री का आज का दौरा भी उत्तर प्रदेश की तैयारी परखने के साथ आगे की रणनीति को भी गति देगा।

गृहमंत्री अमित शाह ने पिपरसंड में यूपी स्टेट इंस्टीट्यूट आफ फोरेंसिक साइंसेज का शिलान्यास तथा भूमि पूजन करने के साथ ही लोगों को संबोधित किया। उन्होंने यहां पर यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ की जमकर तारीफ की उन्होंने कहा कि राज्यों के लिए केंद्र सरकार की सभी 44 बड़ी योजनाओं के क्रियान्वयन में उत्तर प्रदेश शीर्ष पर है। उन्होंने कहा कि किसी भी योजना को बनाना तो आसान होता है, लेकिन उसका शत-प्रतिशत क्रियान्वयन बेहतर कार्यशैली का सबसे बड़ा उदाहरण है। आज देश में चल रही विकास की 44 योजनाओं में सबसे आगे उत्तर प्रदेश है। योगी आदित्यनाथ और उनकी टीम ने पूरे देश में इन 44 योजनाओं में सबसे पहला स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश ने हर क्षेत्र में विकास किया है।

अमित शाह ने चुनाव को लेकर भी बड़ी बात कही है। उन्होंने विपक्षी दलों पर तंज कसा है। उन्होंने कहा, उत्तर प्रदेश में जिनको सरकार बनाने के सपने आ रहे हैं, उनके कानों तक ‘भारत माता की जय’ की आवाज जानी चाहिए। भाजपा की सरकारें जातियों और परिवारों के आधार पर नहीं चलतीं, नजदीक के व्यक्तियों के लिए नहीं चलतीं। उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण के दोनों काल के कारण लम्बे समय बाद मैं यूपी की भूमि पर आया हूं। उन्होंने का कि स्व. बाल गंगाधर तिलक जी ने कहा था, आजादी मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है, इस नारे ने अंग्रेजी शासन की नींव हिला कर रख दी थी, मैं स्व. बाल गंगाधर तिलक जी की पुण्यतिथि पर उनको विनम्र श्रद्धांजलि देता हूं। उनके दिखाए मार्ग पर चलकर आगे की पीढिय़ां देश का मान बढ़ाएं। 

गृहमंत्री यहीं नहीं रुके उन्होंने आगे कहा, मुझे तो पहले का यूपी ठीक तरह से याद है। अपराध व अपराधी बेलगाम थे। आज 2021 में यूपी में खड़ा हूं तो गर्व से कहता हूं कि योगी आदित्यनाथ की टीम ने उत्तर प्रदेश को आगे ले जाने का काम किया है।

अमित शाह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मैने इससे पहले भी काफी भ्रमण किया है। 2013 से 2019 तक यहां के हर जिले का भ्रमण के दौरान अब मैं बेहद बदलाव महसूस कर रहा हूं। पहले उत्तर प्रदेश के कमजोर तथा गरीब लोग बेहद भयभीत थे। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में तो अपराधियों के डर से लोग अपना घर तक बेचने पर मजबूर होते थे, लेकिन अब यहां पर अपराधी थानों में जाकर समर्पण कर रहे हैं। 

यह भी पढ़ें:

अमित शाह का ऐलान- राम मंदिर ट्रस्ट में 15 ट्रस्टी होंगे, 1 सदस्य दलित समाज से होगा

अयोध्या में जल्द होगा भव्य राम मंदिर का निर्माण: अमित शाह

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था बदहाल थी। माफिया राज इतना हावी था कि आज जिस भूमि पर हम इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज की स्थापना कर रहे हैं, इस 142 एकड़ भूमि पर एक माफिया कब्जा करने जा रहा था। हमने कार्रवाई कि और माफिया उस जमीन से भाग गया। उन्होंने कहा कि 2019 में गृह मंत्री बनने के बाद अमित शाह ने अपराध के संदर्भ में इंस्टीट्यूट ऑफ फॉरेंसिक साइंसेज के निर्माण का विचार उत्तर प्रदेश सरकार को दिया और आज इस इंस्टीट्यूट का शिलान्यास संपन्न हुआ। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here