फिल्म ‘बॉर्डर’ के असली हीरो ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी का निधन हो गया है। लोंगेवाला युद्ध के नायक ब्रिगेडियर कुलदीप सिंह चांदपुरी का शनिवार को मोहाली के एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। वह 78 वर्ष के थे। वह ब्‍लड कैंसर से पीडि़त थे।

बता दें उनके जीवन पर बॉलीवुड फिल्‍म ‘बॉर्डर’ बनी थी। 78 साल के ब्रिगेडियर चांदपुरी लंबे समय से बीमार चल रहे थे। मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह सहित कई राजनेताओं और पूर्व सैन्‍य अधिकारियों ने ब्रिगेडियर चांदपुरी के निधन पर शोक जताया है।

उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्‍कार सोमवार को होगा। 1971 में पाकिस्तान के खिलाफ युद्ध के समय ब्रिगेडियर चांदपुरी भारतीय सेना में मेजर थे। 1971 में भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान मेजर रहे चांदपुरी ने राजस्थान के लोंगेवाला की प्रसिद्ध लड़ाई में महज 120 जवानों के साथ, पाकिस्तानी टैंकों के हमले का डटकर सामना किया था और उन्हें खदेड़ दिया था।

टैंकों के खिलाफ वीरता से खड़े होने और दुश्मन को पीछे हटने के लिए मजबूर करने के लिए उन्हें महावीर चक्र (एमवीसी) से सम्मानित किया गया था। कुलदीप सिंह चांदपुरी ने 1962 में होशियारपुर गवर्नमेंट कॉलेज से स्नातक की उपाधि प्राप्त की थी। एनसीसी की परीक्षा भी उत्तीर्ण की थी। कुलदीप सिंह भारतीय सेना में सेवा देने वाले अपने परिवार के तीसरे सदस्य थे।

उनके दोनों चाचा भारतीय वायुसेना में ऑफिसर थे। कुलदीप सिंह चांदपुरी का पैतृक गांव चांदपुर रुड़की है। यह बलाचौर इलाके में है।ब्रिगेडियर चांदपुरी और सेना के जवानों की जीत पर बाद में बॉलीवुड ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बॉर्डर’ बनाई गई, जिसे 1997 में रिलीज किया गया। फिल्म में सनी देओल ने उनका किरदार निभाया था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here