यूरोप में जानलेवा कीटनाशक युक्त अण्डों से जुड़ा फूड स्कैंडल अब और बड़ा हो गया है। यह मुद्दा इतना बड़ा हो गया है कि इस स्कैंडल को लेकर यूरोपीय युनियन ने इमरजेंसी मीटिंग बुलाई है।

दरअसल अंडों में फिपरोनिल नामक कीटनाशक पाए जाने से यूरोप के बाजारों में हड़कंप मचा हुआ है। इतना ही नहीं ये दूषित अंडे स्विट्जरलैंड और हॉन्ग कॉन्ग को भी सप्लाई किए जा चुके हैं। यूरोप के करीब 11 देशों में कीटनाशक युक्त अंडे पाए जाने से लोगों में भय का माहौल है। यूरोपीय यूनियन का कहना है कि हांग कांग, स्विजरलैंड और 15 यूरोपीय संघ के सदस्य देशों को फिपरोनिल कैमिकल से दूषित अंडे मिले जो कि स्वास्थ के लिए बड़ा खतरा पैदा कर सकते हैं।

बता दें कि नीदरलैंड यूरोप में अंडों का सबसे बड़ा निर्यातक है। यहां 3,00,000 मुर्गियों को मार दिया गया है और 180 पोल्ट्री फार्म अस्थायी तौर पर बंद कर दिए गए हैं। दरअसल इस कीटनाशक का प्रयोग पोल्ट्री फार्म में मक्खियों और खटमलों को मारने में होता है और अब नीदरलैंड के इन अंडों को सुपर मार्केट से हटा दिया गया है।

गौरतलब है कि नीदरलैंड के अलावा 15 यूरोपियन कंट्रीज़ बेल्जियम, हॉलैंड, आईलैंड, इटली, पोलैंड, रोमानिंया, डेनमार्क, लक्समबर्ग, स्लोवेनिया, स्वीडन, स्लोवाकिया, डच, यूके और ऑस्ट्रिया के बाजारों में भी यही हाल है। यहां भी ऐसे अंडो को बाजरों से हटा दिया गया है और मुर्गियों को मार दिया जा रहा है।

वहीं विश्व स्वास्थ्य संगठन की माने तो फिपरोनिल मध्यम श्रेणी का जहर है। शरीर में अगर यह ज्यादा मात्रा में चली जाए तो थायराइड ग्लैंड (1), लीवर (2) और किडनी (3) को खतरनाक हद तक नुक्सान हो सकता है। इसके लक्षणों में मितली, उल्टी, चक्कर आना और मिर्गी का दौरा शामिल हैं। वहीं  इस पर डच नियामक एनवीडब्ल्यूए का कहना है कि 2-एनएल-4015502 कोड वाले अंडों के बैच से लोगों के स्वास्थ्य को गंभीर नुक्सान हो सकता है।

हालांकि मीटिंग की घोषणा पर यूरोपीय कमिश्नर व्यटेनिस एंड्रीउकाइटिस ने यह भी कहा कि दूसरों को दोषी ठहराने और शर्मिन्दा करने से कुछ नहीं मिलेगा। एंड्रीउकाइटिस ने कहा मैं इसे रोकना चाहता हूं। उन्होंने कहा कि वह चाहते हैं कि नीदरलैंड, बेल्जियम और जर्मनी एक दूसरे को संकट के लिए जिम्मेदार न ठहराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here