पंजाब में कांग्रेस की अंदरूनी कलह थमने का नाम नहीं ले रही है। पंजाब विधानसभा के मानसून सत्र से पहले खींचतानी तेज हो गई है। सिद्धू खेमे ने सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह के खिलाफ बगावत कर दी है और उन्हें हटाने के लिए मांग की है। कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा के घर चार कैबिनेट मंत्री और करीब आधा दर्जन पूर्व विधायक समेत 31 विधायक एक साथ हुए। बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री चरणजीत चन्‍नी ने कहा कि अब मुख्‍यमंत्री कैप्‍टन अमरिंदर सिंह पर हमारा भरोसा नहीं रहा है। हम केंद्रीय नेतृत्‍व से मुख्‍यमंत्री को बदलने की मांग करेंगे।

दूसरी ओर पंजाब कांग्रेस अध्‍यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने सीएम कैप्‍टन अमरिंदर सिंह से बगावत करने वाले कैबिनेट मंत्रियों को बैठक के लिए बुलाया है। यह बैठक थोड़ी ही देर में शुरू हाेगी। इन मंत्रियों को नवजोत सिंह सिद्धू के खेमे का समझा जाता है। बताया जाता है कि इस बैठक सीएम बदलने की मांग को लेकर हाईकमान से मिलने के लिए रणनीति तैयार की जाएगी।

ये भी पढें- पंजाब कांग्रेस में होगा नया खेला, सिद्धू के लिए अमरिंदर सिंह और प्रताप बाजवा बने शनि

मंत्री तृप्त बाजवा ने यह भी कहा कि पंजाब में कांग्रेस के अस्तित्व के लिए मुख्यमंत्री को बदला जाना चाहिए। इसलिए प्रदेश कांग्रेस के पांच सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल आज दिल्ली जाएगा और आलाकमान से मुलाकात करेगा। प्रतिनिधिमंडल में चरणजीत चन्नी, तृप्त राजेंद्र सिंह बाजवा, सुखजिंदर सिंह रंधावा, सुखविंदर सिंह सरकारिया और परगट सिंह शामिल होंगे। बाजवा ने कहा है कि कैप्टन अमरिंदर सिंह अकाली दल से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस पंजाब में आती है तो वह राष्ट्रीय स्तर पर भी पार्टी को पुनर्जीवित कर सकती है।

कांग्रेस विधायक और पार्टी के प्रदेश महासचिव परगट सिंह ने कहा कि कांग्रेस विधायक मुख्यमंत्री के काम से संतुष्ट नहीं हैं। इसलिए वह पार्टी आलाकमान से मुलाकात करेंगे। बैठक में सुखविंदर सिंह सरकारिया भी मौजूद थे। बैठक में कार्यकारिणी प्रमुख संगत सिंह गिलजियान भी मौजूद थे।

माना जा रहा है कि कैप्टन विरोधी खेमा न सिर्फ पार्टी हाईकमान बल्कि मुख्यमंत्री पर भी दबाव बनाना चाहता है। कांग्रेस का एक धड़ा बेअदबी और पूर्व डीजीपी सुमेध सैनी पर कड़ी कारवाई न किए जाने ने नाराज चल रहा है। सुखजिंदर रंधावा पहले ही खुल कर एडिशनल चीफ सेक्रेटरी होम, डीजीपी विजिलेंस बीके उप्पल और एडवोकेट जनरल अतुल नंदा का इस्तीफा मांग चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here