हिमाचल प्रदेश में आज चुनाव के प्रचार का आखिरी दिन है। इसे देखते हुए सभी पार्टियां धुआंधार प्रचार में लगी हुई हैं। जहां बीजेपी के कुछ वरिष्ठ नेता आज यहां प्रचार में लगे हुए हैं वहीं कांग्रेस से खुद उपाध्यक्ष राहुल गांधी चुनाव प्रचार में डटे हुए हैं।

गृह मंत्री राजनाथ सिंह, सूचना और प्रसारण मंत्री स्मृति ईरानी, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत हिमाचल प्रदेश पहुंचे हुए हैं। केंद्रीय मंत्री जे पी नड्डा और थावरचंद गहलोत एवं बिहार सरकार में मंत्री मंगल पाण्डेय राज्य में कैंप कर रहे हैं।

वहीं कांग्रेस की ओर से कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी हिमाचल प्रदेश में रैली की। सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उन्होंने आड़े हाथ लिया। राहुल ने कहा कि वह हिमाचल प्रदेश के ‘पर्यटन और फल उद्योग को नुकसान पहुंचा रहे हैं।’ राहुल ने राज्य में 9 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सिरमौर जिले के पोंटा साहिब में रैली के दौरान कहा, “मोदीजी ने सेब उत्पादकों, किसानों और जो भी पर्यटन उद्योग में हैं, उनका नुकसान किया है।”

Himanchal-Election-Rally

बता दें कि हिमाचल में 9 नवम्बर को वोटिंग है। बीजेपी को राज्य में जीत दिलाने के लिए केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और थावरचंद गहलोत और बिहार सरकार में मंत्री मंगल पाण्डेय राज्य में कई दिनों से कैंप किए हुए हैं। वहीं आज यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ भी यहां रैली को संबोधित कर सकते हैं। पार्टी के हिमाचल मामलों के प्रभारी पाण्डेय ने कल राहुल गांधी पर  निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस उपाध्यक्ष का हिमाचल में भी गुजरात का भूत पीछा नहीं छोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसा लग रहा है कि कांग्रेस पहले ही हार स्वीकार कर चुकी है और अब लोगों का सामना करने से भी डर रही है।

उधर कांग्रेस से राहुल गांधी के अलावा पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, राज्य के वर्तमान मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत कई शीर्ष नेताओं ने भी कमान संभाल रखी है।वहीं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हिमाचल की जनता को कांग्रेस यानी भ्रष्टाचार वाली पार्टी बताकर अपने विकास के एजेंडे से साधने का प्रयास कर रहे हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here