बढ़ते अपराध को लेकर सरकार की हो रही किरकिरी के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कड़ी कार्रवाई की है।  योगी आदित्यनाथ ने राज्य में बढ़ते महिला अपराधों को लेकर सख्त एक्शन लिया है। सीएम ने लापरवाही के आरोप में संभल और प्रतापगढ़ के एसपी को सस्पेंड कर दिया। गृह विभाग के प्रमुख सचिव अरविंद कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री ने संभल के पुलिस अधीक्षक राधे मोहन भारद्वाज और प्रतापगढ़ के पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार सिंह को निलंबित कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गई है।

राधे मोहन भारद्वाज और संतोष कुमार सिंह पर कर्तव्य के प्रति लापरवाही दिखाने का आरोप है। उनकी जगह 2012 बैच के आईपीएस अफसर यमुना प्रसाद को संभल और 2011 बैच के देव रंजन वर्मा को प्रतापगढ़ का नया एसपी बनाया गया है। यमुना प्रसाद डीजीपी मुख्यालय में तैनात थे जबकि देव रंजन वर्मा को पिछले महीने की 24 तारीख को शामली से हटाकर 37वीं वाहिनी पीएसी का कमांडेंट बनाया गया था।  दो पुलिस कप्तानों पर हुई इस कार्रवाई से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। दोनों जिलों में पुलिस कार्रवाई में लापरवाही से नाराज होकर मुख्यमंत्री ने पुलिस कप्तानों को निलंबित करने का निर्देश दिया।

संभल में एक युवती को उसके ससुराल में गैंगरेप के बाद जलाकर मार डाला गया था। इस घटना ने सरकार की जमकर फजीहत कराई थी।  इसी तरह प्रतापगढ़ में एक लड़की की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। इस घटना के बाद प्रतापगढ़ में कानून-व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति उत्पन्न हो गई थी।  दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए सीएम योगी ने प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार और डीजीपी ओम प्रकाश सिंह से पूरी रिपोर्ट तलब की थी।

                                                                                                               ब्यूरो रिपोर्ट, एपीएन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here