उत्तर प्रदेश सरकार ने 2019 में सार्वजानिक अवकाशों का कैलेंडर जारी कर दिया है। राज्य कर्मचारियों और अधिकारियों के साथ शिक्षकों और शिक्षणेत्तर कर्मचारियों को साल भर में 23 सार्वजनिक अवकाश मिलेंगे। नए साल में राज्यकर्मियों को शिवरात्रि, जन्माष्टमी, दशहरा और दीपावली पर ज्यादा छुट्टियों को विशेष योग बना है। दरअसल जिनके यहां पांच दिन का कार्य दिवस है उन कर्मचारियों को शिवरात्रि और जन्माष्टमी पर 3-3 दिन और दसहरा और दीपावली पर 4-4 दिन की छुट्टियां मिलेंगी। नए वर्ष के कैलेंडर में छुट्टियां चालू वर्ष की ही दोहराई गई हैं। कोई नया अवकाश नहीं जोड़ा गया है। महापुरुषों की जयंतियों को निर्बंधित अवकाश में शामिल किया गया है।

आगामी नववर्ष में महाशिवरात्रि 4 मार्च सोमवार को है। सोमवार को भगवान शिवजी का वार भी माना जाता है। शिवभक्तों के लिहाज से तो यह दिन सोने पर सुहागा है। कर्मचारी 2 मार्च को शनिवार और 3 मार्च रविवार की छुट्टी के साथ 4 मार्च शिवरात्रि अवकाश सहित किसी ज्योर्तिलिंग के दर्शन का कार्यक्रम बना सकते हैं। अप्रैल और अक्तूबर का महीना छुट्टियों से भरा होगा। 17 अप्रैल बुधवार को महावीर जयंती का अवकाश होगा और 19 अप्रैल शुक्रवार को गुड फ्राइडे का अवकाश होगा। उसके बाद 20 अप्रैल को शनिवार और 21 अप्रैल को रविवार का साप्ताहिक अवकाश होगा।

ऐसे में यदि अधिकारी कर्मचारी 18 अप्रैल की छुट्टी भी ले लें तो पांच दिन के अवकाश में कहीं के लिए भी बड़ा टूर पैकेज बना सकते हैं। 12 अगस्त सोमवार को बकरीद की छुट्टी है। इससे पहले 10 अगस्त को शनिवार और 11 अगस्त को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। तीन दिन त्योहार मनाने का मौका मिलेगा। 23 अगस्त शुक्रवार को जन्माष्टमी के बाद 24 को शनिवार और 25 अगस्त को रविवार का साप्ताहिक अवकाश है। कर्मचारी अधिकारी तीन दिन में मथुरा, वृंदावन, गोवर्धन या द्वारिकाधीश दर्शन के लिए कार्यक्रम बना सकते हैं।

5 अक्तूबर को शनिवार, 6 अक्तूबर को रविवार के साप्ताहिक अवकाश के साथ ही 7 अक्तूबर को महानवमी और 8 अक्तूबर को दशहरा अवकाश है। लगातार चार दिन की छुट्टियां मिलेंगी। दीपावली पर भी लगातार चार दिन की छुट्टी मिलेगी। 26 अक्तूबर को छोटी दीपावली के दिन शनिवार का अवकाश रहेगा। 27 अक्तूबर को दीपावली, 28 अक्तूबर को गोवर्धन पूजा और 29 अक्तूबर को भैयादूज का अवकाश सरकार ने घोषित किया है। इनमें सबसे ज्यादा फायदा उन विभागों और कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों को होगा जहां सप्ताह में 5 कार्यदिवस हैं। छह कार्य दिवस वाले कर्मियों को थोड़ा कम लाभ होगा। सरकार ने 23 निर्बंधित अवकाश भी घोषित किए हैं, इनमें से कर्मचारी और अधिकारी वर्ष में दो निर्बंधित अवकाश ले सकेंगे। जिलों के अधिकारी तीन स्थानीय अवकाश घोषित कर सकते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here