कैग सचिव शशि कान्त शर्मा का कार्यकाल अगले महीने समाप्त हो रहा है। इसके बाद उनकी जगह पूर्व गृह सचिव राजीव महर्षि भारत के नियंत्रक और महालेखा परीक्षक (कैग) नियुक्त होंगे। इस संबंध में गुरूवार शाम फैसला लिया गया है।

जबकि पूर्व सूचना प्रसारण सचिव सुनील अरोड़ा को चुनाव आयुक्त बनाया गया है। वहीं सीबीएसई के मौजूदा अध्यक्ष राजेश कुमार चतुर्वेदी को हटाकर उनकी जगह गुजरात कैडर की आईएएस अफसर अनीता करवाल को इसकी जिम्मेदारी सौंप दी गई है

बता दें कि सरकार ने शीर्ष नौकरशाही में व्यापक फेरबदल करते हुए डेढ़ दर्जन से अधिक अधिकारियों का तबादला कर दिया है। कानून मंत्रालय की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार, 61 साल के अरोड़ा की नियुक्ति उस दिन से प्रभावी होगी जिस दिन वह पदभार संभालेंगे।

इसके अलावा कई विभागों में नए सचिव नियुक्त किए गए हैं और अतिरिक्त सचिव एवं संयुक्त सचिवों की जिम्मेदारियों में भी बदलाव किया गया है। तीन उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षकों की नियुक्ति हुई है। कार्मिक मंत्रालय के अनुसार, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी डॉ. आशा राम सिहाग को कैबिनेट सचिवालय में सचिव नियुक्त किया गया है। जबकि झारखंड कैडर के राजीव कुमार को वित्तीय सेवा विभाग में सचिव बनाया गया है। देर रात कार्मिक मंत्रालय ने कुल 17 अधिकारियों के नियुक्ति एवं तबादले का फरमान जारी किया।

वहीं केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) के चैयरमैन राजेश कुमार चतुर्वेदी को नई जिम्मेदारी दी गई है। उन्हें कौशल विकास एजेंसी का महानिदेशक नियुक्त किया गया है। जबकि मानव संसाधन विकास मंत्रालय में संयुक्त सचिव गुजरात कैडर की अधिकारी अनीता कर्णवाल को सीबीएसई का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। रामेश्वर प्रसाद गुप्ता को नीति आयोग में अतिरिक्त सचिव बनाया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here