अगले पांच साल बिहार की जनता का नीतीश कुमार ही नेतृत्व करेंगे ये बात आज तय हो गई है। नीतीश कुमार ने सातवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके साथ ही नीतिश कुमार बिहार के सबसे ज्यादा बार मुख्यमंत्री की शपथ लेने वाले मुख्यमंत्री बन गए हैं। हालांकि बिहार में सबसे ज्यादा समय तक मुख्यमंत्री बने रहने का रिकार्ड अभी भी श्रीकृष्ण सिंह के पास है।

लेकिन इस रिकार्ड को भी नीतिश जल्दी ही तोड़ देंगे। श्रीकृष्ण सिंह इस पद पर 17 वर्ष 52 दिन तक रहे थे जबकि नीतीश कुमार इस पद पर अभी तक 14 वर्ष 82 दिन तक रह चुके हैं। सातवें कार्यकाल को वह पूरा करने से पहले ही इस रिकॉर्ड को तोड़ सकते हैं। नीतीश जैसे ही इसी कार्यकाल के 3 वर्ष 30 दिन पूरे करेंगे ‘बिहार केसरी’ कहे जाने वाले बिहार के पहले मुख्यमंत्री रहे श्रीकृष्ण सिंह का रिकॉर्ड तोड़ देंगे।

बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद लगातार मुख्यमंत्री पद को लेकर असमंजस बरकार था। पर आज ये बात साफ हो गई है कि, नीतीश कुमार फिर बिहार की गद्दी पर बैठेंगे।

नीतीश कुमार के साथ 16 मंत्री भी शपथ  ग्रहण कर रहे हैं। इस बार बिहार को दो डिप्टी सीएम मिल रहे हैं। तारकिशोर और रेणू देवी बिहार का नेतृत्व उपमुख्यमंत्री के तौर पर करेंगे।

बिहार की सत्ता में महिलाओं का बोल-बाला कम है। राबड़ी देवी ही बिहार की पहली महिला मुख्यमंत्री थी, इसके बाद अब रेणू देवी बिहार की उपमुख्यमंत्री बन गई हैं। नीतीश कुमार के साथ इन्होंने डिप्टी सीएम पद की शपथ ग्रहण कर ली है।

नीतीश की ताजपोशी में कई बड़े नेताओं ने शिरकत की है। इसमें गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहुंचे हैं।

नीतीश-मोदी की जोड़ी इस बार टूट गई है। सुशील मोदी इस बार बिहार के उपमुख्यमंत्री नहीं होंगे। इनकी जगह दो डिप्टी सीएम होंगे। कोरोना काल को देखते हुए मंच पर सभी लोगों ने मास्क पहना हुआ है।

कोरोना काल में ये पहला चुनाव था जहां पर बीजेपी ने बड़ी जीत हासिल की है। प्रवासी मजदूरोें के मुद्दे के बाद लग रहा था कि बीजेपी की बिहार में किरकिरी होगी।

वहीं हार से खफा विपक्ष ने इस समारोह का बहिष्कार कर दिया है। नीतीश कुमार ने शपथ ग्रहण कर लिया है पर आरजेडी को अभी भी जीत की उम्मीद है।

बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 74 सीटें, जेडीयू को 43 सीटें, कांग्रेस को 19 सीटें, आरजेडी को 75 सीटें वहीं अन्य को 32 सीटें मिली हैं।

जेडीयू को 43 सीटें मिलने के बाद भी नीतीश कुमार को एनडीए बिहार की सत्त सौंप रही है। इस पर विपक्ष लगातार हमलावर है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here