मुंबई को बम धमाकों से हिलाकर रख देने वाले आरोपी दाऊद इब्राहिम का दाया हाथ कहे जाने वाले फारुक टकला को दुबई से गिरफ्तार कर मुंबई डिपोर्ट किया गया है। खबर है कि आज फारुक टकला को टाडा कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस के लिए ये बड़ी कामयाबी इसलिए मानी जा रही है क्योंकि फारुक टकला 1993 में मुंबई में हुए बम धमाकों के बाद ही देश छोड़कर भाग गया था। आज करीब 25 साल बाद टकला की गिरफ्तारी ने पुलिस की साख बचा ली है।

फारुक को गुरुवार सुबह एयर इंडिया की फ्लाइट से मुंबई लाया गया। बता दे, टकला के खिलाफ 1995 में रेड कॉर्नर नोटिस भी जारी किया गया था। फारुक नोटिस जारी करने के 23 साल बाद पुलिस के हत्थे चढ़ा है। मुंबई में सीबीआई फारुक टकला से पूछताछ कर रही है, जिसके जरिए सीबीआई फारुक से दाऊद के बारे जानकारी हासिल करने की कोशिश करेगी।

इस बारे में सीबीआई का मानना है कि फारुख ही वह शख्स है, जिसने मुंबई में बम धमाके करने की पूरी रणनीति तैयार की थी। फारुक की योजना के मुताबिक ही मुंबई जैसे शहर में एक साथ 12 जगहों पर धमाके किए गए थे। पुलिस सूत्रों के मुताबिक़, फारुक टकला पर आपराधिक साजिश, मर्डर, हत्या की कोशिश, फिरौती और आतंकी साजिश जैसे कई मामले दर्ज हैं।

12 मार्च 1993 में मुंबई में एक के बाद एक 12 धमाके हुए थे, जिसमें 257 लोग मारे गए थे, जबकि 700 से ज्यादा लोग घायल हुए थे। इस मामले में 129 लोगों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया था, जिसमें याकूब मेमन को 2015 में फांसी भी दी गई थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here