पंजाब नेशनल बैंक में 14000 करोड़ रुपए का घोटाला कर साल 2018 से ही भारत से फरार मशहूर हीरा कारोबारी मेहुल चोकसी अब एंटीगुआ से भी गायब हो गया है। एंटीगुआ की पुलिस मेहुल का पता लगाने की कोशिश कर रही है। पुलिस के अनुसार चोकसी को आखिरी बार शाम करीब 5:15 बजे (स्थानीय समयानुसार) घर से निकलने से पहले एक कार में देखा गया था। इसके बाद चोकसी का कोई अतापता नहीं है। वहीं चोकसी के वकीलों का कहना है कि, व्यवसायी द्वीप के दक्षिणी हिस्से में रात के खाने के लिए गया था और फिर कभी नहीं देखा गया।  इस बात की आशंका जताई जा रही है कि वह एंटीगुआ से भाग कर क्यूबा चला गया है।

मेहुल चोकसी पर पंजाब नेशनल बैंक से 14 हजार करोड़ रुपए लोन लेकर देश से फरार होने का आरोप है। साल 2018 में चोकसी भारत सरकार की आंखों में धूल झोंक कर देश छोड़ कैरिबियाई द्वीप राष्ट्र एंटीगुआ और बारबुडा भाग गया। इसके बाद से वह लगातार वहीं रह रहा था।

मेहुल के खिलाफ एंटीगुआ पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई गई है। वहां के अधिकारी उसका पता लगाने के लिए जगह-जगह छापेमरी कर रहे हैं। हालांकि, इसका अब तक कोई नतीजा नहीं निकला है। पुलिस ने बयान में कहा, “प्राप्त अतिरिक्त जानकारी के आधार पर पुलिस ने कई तलाशी लीं, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ।”

पुलिस ने मेहुल का हुलिया भी जारी कर दिया है। खबर के अनुसार “भारतीय मूल का मेहुल चोकसी भूरे रंग का और पांच फीट छह इंच (5′ 6″) ऊंचाई का व्यक्ति है। जो भारी रूप से गंजा है। पुलिस चोकसी के ठिकाने को जानने के लिए जनता की सहायता मांग रही है।”

एंटीगुआ और बारबुडा में रहने वाले 61 वर्षीय भारतीय कारोबारी और गीतांजलि समूह के मालिक मेहुल चोकसी को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने वांटेड घोषित कर रखा है। मेहुल चोकसी ने मेगा-घोटाले के सामने आने से एक महीना पहले 4 जनवरी, 2018 को एंटीगुआ भागने से पहले ₹13,578 करोड़ पीएनबी धोखाधड़ी में करीब ₹7,080 करोड़ की हेराफेरी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here