महाराष्ट्र में मराठा संगठन ने आज मराठा समुदाय आरक्षण समेत अपनी विभिन्न मांगों के लिए ‘सबसे बड़े’ मूक मराठा मार्च का आयोजन किया है। इस मराठा महारैली के कारण मुंबई में महाजाम लग चुका है। महाजाम के कारण कारोबारी नगरी ठहर सी गई है।

बता दें कि पिछले साल से अब तक 57 मार्च निकालें जा चुके हैं और यह 58वां मार्च होगा। विभिन्न मराठा समूहों को एकजुट करने वाला सकल मराठा समाज इस कार्यक्रम का आयोजक है। दरअसल इनकी मांग है कि इन्हें सरकारी नौकरी और शिक्षा में 16 प्रतिशत आरक्षण मिले।

इसी मांग को लेकर मराठा समाज के लोग मुंबई की सड़कों पर उतर चुके हैं जिसके कारण जगह-जगह से जाम की खबरें आ रही हैं। वैसे इस आंदोलन की खास बात यह है कि यह मूक मोर्चा है जिसमें कोई नारेबाजी और भाषणबाजी नहीं है, ना ही इस मोर्चे में किसी राजनीतिक दल का साथ लिया गया है।

जानकारी के अनुसार मराठा मोर्चा में शामिल होने के लिए मंगलवार से ही राज्य भर से लोग मुंबई पहुंचने लगे थे। मुंबई की तरफ आने वाले रास्तों पर बड़ी संख्या में भगवा झंडे लगाए हुए वाहन नजर आए। मुंबई-पुणे और मुंबई-नासिक दोनों हाइवे पर मुंबई की ओर आने वाले यातायात में मंगलवार सुबह से ही रोज की अपेक्षा ज्यादा गाड़ियां सड़कों पर थीं। यही नहीं मुंबई आने वाली बसों और ट्रेनों से भी लोग बड़ी संख्या में यहां पहुंचे हैं।

खबरों की माने तो मध्यप्रदेश, गुजरात, राजस्थान और अन्य प्रदेशों में बसे मराठा समाज के लोग भी मोर्चे में शामिल होने के लिए मुंबई पहुंचे हैं।

बता दें कि यह रैली सुबह 11 बजे जिजामाता उद्यान से शुरू होकर शाम 4 बजे आज़ाद मैदान तक चलेगी। मोर्चे की वजह से साउथ मुंबई के सभी स्कूल-कॉलेजों को बंद रखने का आदेश दिया गया है। कई सड़कों को भी बंद कर दिया गया है।

उधर किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख़्ता इंतज़ाम किए गए हैं  और मोर्चे पर सीसीटीवी और ड्रोन से भी नज़र रखी जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here