मुंबई का जिन्ना हाउस अब दिल्ली के हैदराबाद हाउस की तर्ज पर इंटरनैशनल सेंटर बनेगा। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने कहा कि उनका मंत्रालय जिन्ना हाउस के अधिग्रहण की प्रक्रिया में है। बता दें मुंबई स्थिति जिन्ना हाउस के मालिक मूल रूप से पाकिस्तान के संस्थापक मोहम्मद अली जिन्ना थे।

बीजेपी विधायक मंगल प्रभात लोधा को लिखे एक पत्र में उन्होंने कहा कि मंत्रालय “हमारे नाम पर संपत्ति के स्वामित्व को स्थानांतरित करने” की प्रक्रिया में है। लोधा ने कहा, “सरकार के इस कदम से जिन्ना हाउस के मालिकाना हक और इसके इस्तेमाल को लेकर चल रहा विवाद खत्म हो जाएगा।”

बता दें जिन्ना हाउस को लेकर भारत सरकार और जिन्ना की बेटी दीना वाडिया के बीच लंबे समय से कानूनी लड़ाई लड़ रहे थे। वाडिया ने साल 2007 में बॉम्बे हाईकोर्ट में संपत्ति के नियंत्रण को वापस पाने के लिए याचिका दायर की थी। पिछले साल नवंबर में वाडिया की मृत्यु हो गई थी।

जिन्ना हाउस 2.5 एकड़ जमीन पर साल 1936 में बनाया गया था और आर्किटेक्ट क्लाउड बैटले ने इसका डिजाइन बनाया था। जिन्ना हाउस महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के आधिकारिक निवास वर्षा के ठीक सामने है। संरक्षित विरासत का दर्जा हासिल इस इमारत में विभाजन से पहले जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और जिन्ना के बीच एक महत्वपूर्ण बैठक हुई थी।

आजादी के बाद 1982 तक जिन्ना हाउस में ब्रिटिश उच्चायोग रहा। इसके बाद यह सेंट्रल पीडब्ल्यूडी के तहत आया। इसे 1997 में सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए इंडियन काउंसिल फॉर कल्चरल रिलेशंस को सौंप दिया गया।

तब इसे सार्क का उप प्रादेशिक केंद्र बनाने का फैसला किया गया था। विवादों के कारण यह खाली पड़ा रहा और जर्जर हो गया। एक समय पाकिस्तान जिन्ना हाउस को अपना मुंबई का वाणिज्य दूतावास बनाना चाहता था।

बता दें पिछले दिनों संसद ने 49 साल पुराने शत्रु संपत्ति विवाद अधिनियम में बदलाव कर दिया गया है। इस बदलाव के बाद देश के बंटवारे के दौरान देश छोड़कर दूसरे देशों यानि पाकिस्तान और चीन में बसे लोगों के उत्तराधिकारियों का अब इस संपत्ति पर कोई दावा नहीं रह गया है।

वही गृह मंत्रालय ने शत्रु संपत्तियों का एक लेखा-जोखा तैयार किया है जिसके अनुसार देश में 9,280 संपत्तियां अचल हैं। और ये सभी संपत्तियां पाकिस्तानी नागरिकों से संबंधित हैं। यह कुल संपत्ति 12,000 एकड़ में फैली है और इनकी कीमत 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here