झारखंड अति पिछड़े और गरीब राज्यों में शामिल हैं। पर गजब बात तो यह है कि राज्य पर हुकूमत करने वालों के बंगले करोड़ों के बने हुए हैं। जहां सरकारें कोरोना की तीसरी लहर से लड़ने के लिए पुख्ता इंतजाम करने में जुटी हैं वहीं झारखंड सरकार 32 करोड़ का बंगला बनाने में लगी है। इस तरह के तमाम पहलुओं को टटोलते हुए राज्य में विपक्षी पार्टी बीजेपी ने हेमंत सोरेन सरकार पर सवाल दागने शुरू कर दिए हैं।

राज्य में 12 मंत्रियों के बंगले की चर्चा जमकर हो रही है। कहा जा रहा है कि जिस आवास में झारखंड के मंत्री अभी हैं, वो क्या बंगले नहीं हैं? मंत्रियों के बदलन के साथ सरकारी आवास का रंग रुप भी बदल दिया जाता है। इसमें करोड़ों का खर्च किया जाता है। स्थिति यह है कि राज्य सरकार समस्याओं के समय में खजाना खाली होने का रोना रो चुकी है। मुख्यमंत्री सोरेन खुद अनावश्यक राशि खर्च का विरोध कर चुके हैं। बावजूद इसके 32 करोड़ रुपये खर्च कर मंत्रियों के बंगले बनेंगे।

हेमंत सोरेन सरकार में बंगला निर्माण मामला तूल पकड़ता जा रहा है। यह मुद्दा सवालों में बदल रहा है। बीजेपी सोरेन सरकार पर हमलावर हो गई है। पार्टी ने पूछा कि, क्या मुख्यमंत्री की सोच विपक्ष में रहते हुए कुछ और सत्ता में आने के बाद कुछ और हो जाती है? बीजेपी प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने यह भी कटाक्ष किया कि कभी मुख्यमंत्री लाखों रुपये की कार खरीद कर चौंकाते हैं, तो कभी बंगला का उपहार दिखा कर।

राजधानी रांची की स्मार्ट सिटी में 12 मंत्रियों के बंगलों के लिए DPR तैयार हो चुका है. कोशिश ये है कि सरकार से सहमति मिलने के साथ ही निर्माण कार्य शुरू किया जाए। जानकारी यह भी है कि मंत्रियों की सुविधा के साथ ही, इन बंगलों के निर्माण वास्तुकला विशेषज्ञों की सलाह से डिज़ाइन तैयार किए जाएंगे।

6.97 एकड़ भूमि पर कुल 12 बंगले बनाए जाएंगे। एक बंगले को बनाने के लिए औसतन करीब ढाई करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। जानिए इन बंगलों के बारे में हर खास डिटेल।

यह है हेमंत सोरेन का बंगला प्रोजेक्ट

1. हर बंगला दो फ्लोर का होगा।
2. बालकनी युक्त पांच बेडरूम होंगे। पहले फ्लोर पर मास्टर बेडरूम के साथ तीन बेडरूम।
3. वेटिंग रूम, मंत्री का बैठक कक्ष होगा।
4. दो शौचालय, पेंट्री रूम, गार्ड रूम बनेगा।
5. डाइनिंग कम कॉन्फ्रेंस हॉल का स्पेस।
6. बंगले में एक छोटा सा गार्डन भी होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here