तेलंगाना के हैदराबाद का रहने वाला एक छात्र अमेरिका के शिकागो में  जिंदगी और मौत से लड़ रहा है। इस भारतीय पर गोली पार्किंग विवाद को लेकर मारी गई है। गोली लगने के बाद इस भारतीय को यहां के एक निजी अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है।

अकबर के पिता ने बताया कि वह वहां एक अस्पताल में भर्ती है और उसकी हालत गंभीर है। उन्होंने बताया कि अकबर को उस समय गोली मारी गई जब वह पार्किंग में अपनी कार के पास टहल रहा था। दरअसल, शिकागो के पास अल्बेनी पार्क में पार्किंग को लेकर दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई थी, जिसके बाद उन लोगों ने अकबर को गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोगों ने अकबर को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया।

30 साल का अकबर वहां मास्टर्स इन कंप्यूटर सिस्टम नेटवर्किंग एंड टेलीकम्यूनिकेशन की पढ़ाई कर रहा था। अकबर मूल रूप से हैदराबाद के उप्पल का रहने वाला है। अकबर के परिवारवालों ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से अमेरिका जाने के लिए इमरजेंसी वीजा दिलाने में मदद की अपील की है।

आपको बता दें कि इससे पहले फरवरी महीने में अमेरिका के कंसास में हैदराबाद के एक इंजीनियर श्रीनिवास कुचिभोटला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। उस समय 51 साल के एक रिटायर्ड नौसैनिक ने यह कहते हुए उनपर गोली चलाई थी कि ‘निकल जाओ मेरे देश से।

वहीं, इस साल मार्च महीने में वाशिंगटन में मास्क पहने बंदूकधारी ने एक भारतवंशी सिख को गोली मार दी थी। उस समय भी वह चिल्ला रहा था ‘निकल जाओ मेरे देश से। गौरतलब है कि बीते कुछ दिनों में अमेरिका में नस्लीय हिंसा में बढ़ोतरी हुई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here