नोटबंदी और जीएसटी के बाद भारत की अर्थव्यवस्था अपनी रफ्तार पकड़ चुकी है। भले ही जमीनी हकीकत पर देश में पेट्रोल-डीजल औऱ खाद्य पदार्थों के दाम बढ़ रहे हों लेकिन दुनिया में भारत की अर्थव्यवस्था बढ़ती हुई नजर आ रही है। जी हां, भारत दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है। वर्ल्ड बैंक के 2017 के लिए जारी रिपोर्ट में कहा गया है कि 130 करोड़ से ज्यादा की आबादी वाले भारत ने फ्रांस को हटाकर यह उपलब्धि हासिल की है।  वर्ल्ड बैंक की तरफ से 2017 के लिए जारी रिपोर्ट में बताया गया कि भारत ने फ्रांस को सांतवे स्थान पर धकेलते हुए यह उपलब्धि हासिल की है। खबरों के मुताबिक,  फ्रांस की 2.582 ट्रिलियन डॉलर सकल घरेलू आय (जीडीपी) की तुलना में भारत की जीडीपी 2.597 ट्रिलियन डॉलर हो गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि कई तिमाही गिरावट झेलने के बाद जुलाई 2017 से देश की आर्थिक विकास दर (इकोनॉमिक ग्रोथ) बढ़ी है।

इस रिपोर्ट में कहा गया है कि नवंबर 2016 में 500 और 1000 रुपये के पुराने नोटों का चलन बंद किए जाने और फिर पिछले साल 1 जुलाई से जीएसटी लागू किए जाने के कारण बाजार में आई मंदी के बाद अब मैन्युफैक्चरिंग और लोगों की खरीद क्षमता बढ़ती दिख रही है और मुख्य रूप से इसी कारण जीडीपी में यह उछाल आई है। हालांकि इसमें यह भी कहा गया कि प्रति व्यक्ति आय के मामले में भारत अब भी फ्रांस से कई गुना पीछे है। रिपोर्ट के मुताबिक, सवा अरब की आबादी वाला भारत 6.70 करोड़ की आबादी वाले फ्रांस से करीब 20 गुना पीछे है।

बता दें कि  नोटबंदी और वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) के क्रियान्वयन के बाद से इसमें मंदी देखने को मिली थी। एक दशक में भारत की जीडीपी दोगुना हो गई है और भविष्य में इसकी तेजी से बढ़ने की उम्मीद है। अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) के अनुसार इस साल देश की ग्रोथ 7.4 फीसद और वर्ष 2019 में 7.8 फीसद रहने का अनुमान है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here