राजधानी दिल्ली समेत देश के अधिकांश हिस्सों में सूर्य देव के सख्त तेवर ने आम जन जीवन अस्त व्यस्त कर दिया हैं। गर्मी का आलम ऐसा की पिछले चार साल का रिकॉर्ड तोड़ते हुए नया रिकॉर्ड बना डाला, मौसम विभाग के अनुसार सूरज की तेज गर्मी और अरावली की पहाड़ी(राजस्थान) से आ रही गर्म हवाओं के कारण विभिन्न जगहों पर तापमान 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान लगाया जा रहा है। मौसम विभाग ने सीजन का पहला हाई अलर्ट जारी कर देशवासियों को चिलचिलाती धूप और लू के थपेड़ों से बचने की सलाह दी है। साथ ही लोगों को ठंडी चीजों का सेवन करने और जरुरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने को कहा है।

झारखण्ड में टूटा गर्मी का रिकॉर्ड,बिहार में बारिश से राहत-

झारखण्ड में राजधानी रांची सहित पूरे प्रदेश में गर्मी का कहर जारी है। राजधानी रांची में पिछले कई दिनों से पारा 40 के पार है। वहीँ अन्य शहरों का भी लगभग यही हाल है। इससे पहले रांची में ऐसी गर्मी 1999 में पड़ी थी। तब यहाँ का तापमान 43.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ था। झारखण्ड के पड़ोसी राज्य  बिहार में भी  भीषण गर्मी पड़ रही है लेकिन कल शाम कुछ जिलों में हुई तेज बारिश और आंधी से मौसम खुशनुमा बन गया है। बिहार के कई जगहों से ओला पड़ने की भी ख़बरें मिली हैं। इससे आम और लीची की फसल को नुकसान पहुँचने की भी खबर है।

मध्यप्रदेश में भी गर्मी से लोगों का बुरा हाल है। राजधानी भोपाल सहित कई जगहों पर पारा 45 डिग्री सेल्सियस को पार कर चुका है। गर्मी से उत्तरप्रदेश का भी कमोबेश यही हाल है। राज्य में कई जगहों से मिली ख़बरों के मुताबिक राज्य में पारा 40 के पार है लेकिन आने वाले दिनों में बूंदाबांदी से राहत मिलने की उम्मीद जताई गई है।

तेज गर्म हवाएं ले रही जान

पिछले दस दिनों से पड़ रही भयंकर गर्मी के कारण कई जगह से लोगों के बीमार होने और मौत होने की ख़बरें आ रही है। छतीसगढ़ से आई ख़बरों के मुताबिक यहाँ लू लगने से तीन लोगों की मौत हो गई। हालांकि मौसम विभाग ने दिल्ली समेत कई राज्यों में हल्की बूंदाबांदी और धूल भारी आंधी चलने का पूर्वानुमान जाहिर किया है। ऐसे में बूंदाबांदी से लोगों को प्रचंड गर्मी से राहत मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here