भारत में कोरोना वायरस एक बार फिर वापसी के मूड में है। देश के कई राज्यों में कोरोना रफ्तार के साथ बढ़ रहा है। इसमें दिल्ली, महाराष्ट्र, पंजाब और गुजरात राज्य शामिल है। कोरोना के बढ़ते प्रकोप के कारण महाराष्ट्र सरकार ने कई जिलों में संपूर्ण तरह से लॉकडाउन घोषित कर दिया है। वहीं पंजाब में रात 10 से सुबह 5 बजे तक नाइट कर्फ्यू लागू कर दिया गया है। गुजरात के कई शहर नाइट कर्फ्यू के अंर्तगत हैं। वहीं मध्य प्रदेश भी इससे अछूता नहीं रहा।

महाराष्ट्र में कोरोना तबाही मचा रहा है। यहां पर एक समय में केस खत्म होने की कगार पर थे लेकिन रोजाना राज्य में 16 हजार से अधिक संक्रमित पाए जा रहे हैं। ऐसे में दिल्ली एनसीआर पर भी खतर मंडरा रहा है। भारत में 7 दिनों का संक्रमण दर भी बीते 30 दिनों में 1.4 प्रतिशत बढ़ गया है। हालांकि, महाराष्ट्र, पंजाब, मध्य प्रदेश और हरियाणा ही देश के ऐसे राज्य हैं जहां संक्रमण दर राष्ट्रीय औसत 1.4 प्रतिशत से ज्यादा है। 

महाराष्ट्र में कोरोना एक बार फिर काबू से बाहर हो रहा है। कोरोना ने महाराष्ट्र सरकार की चिंता बढ़ा दी है। कोरोना पर पकड़ बनाने के लिए शिव सेना सरकार ने ठाणे के हॉटस्पॉट इलाके में सख्त लॉकडाउन लगा दिया है। वहीं अकोला में भी सख्त लॉकडाउन है। यहां पर सिर्फ जरूरी सामान ही मिलेगा। नागपुर शहर में 31 मार्च के लिए सख्त लॉकडाउन है। इसके साथ उद्धव सरकार ने नियमों में कुछ भारी बदलाव किया है।

महाराष्ट्र में कोरोना नियम

  • सिनेमा हॉल, रेस्तरां, स्वास्थ्य और आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी कार्यालय 31 मार्च तक आधी क्षमता के साथ काम करेंगे। 
  • महाराष्‍ट्र सरकार ने आदेश में कहा है कि जो भी सिनेमा हॉल, होटल या रेस्तरां में कोरोना गाइडलाइंस का उल्लंघन करते हुए पाए गए, उन्‍हें तब तक सील कर दिया जाएगा, जब तक कोरोना महामारी केंद्रीय सरकार द्वारा एक आपदा के रूप में अधिसूचित नहीं रहती।
  • राज्य सरकार ने एक अधिसूचना जारी कर कहा कि इन प्रतिष्ठानों में किसी को भी बिना मास्क पहने या तापमान की जांच किए बगैर प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।
  • सिनेमा हॉल, होटल, ऑफिस यह सुनिश्चित करेंगे कि आगंतुकों के मास्क पहनने के नियम और सामाजिक दूरी बनाए रखने के नियम लागू करने की खातिर उनके पास पर्याप्त कर्मी हैं। 
  • ये पाबंदियां शॉपिंग मॉल पर भी लागू होंगी। राज्य की अधिसूचना में कहा गया कि जहां तक संभव हो कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा जाए।
  • विवाह समारोह में 50 से अधिक लोगों को अनुमति नहीं होगी।
  • अंतिम संस्कार में 20 से अधिक लोग शामिल नहीं हो सकेंगे।

कोरोना के कहर ने पंजाब सरकार की भी चिंता बढ़ा दी है। कोरोना की बाढ़ को देखते हुए पंजाब ने अपने कुस 8 जिलों में सख्ती बरतना शुरू कर दिया है। कुल मिलाकर, आठ जिलों – लुधियाना, पटियाला, मोहाली, फतेहगढ़ साहिब, जालंधर, नवांशहर, कपूरथला और होशियारपुर में रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक कर्फ्यू लगाया गया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने सरकारी और निजी स्कूलों में सभी कक्षाओं के लिए “तैयारी के लिए छुट्टी” घोषित कर दी है।

राज्य और जिला स्तर दोनों ही आधार पर आंकड़े यह बताते हैं कि देश के पश्चिम क्षेत्रों में पूर्वी क्षेत्रों की तुलना में कोरोना के मामले ज्यादा तेजी से बढ़ रहे हैं।

पंजाब में आंकड़े सबसे ज्यादा चिंताजनक है। यहां बीते 30 दिनों के अंदर रोजाना सामने आने वाले मामलों में 531 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है, वहीं एक हफ्ते का संक्रमण दर भी 4.7 फीसदी बढ़ गया है।

हरियाणा देश का तीसरा राज्य है जहां कोरोना के मामले सबसे तेजी से बढ़ रहे हैं। यहां बीते 30 दिनों में कोरोना के केस 398 फीसदी बढ़े हैं। यही नहीं राज्य में औसत संक्रमण दर भी 2.2 फीसदी ऊपर हो गया है।

दिल्ली में गुरुवार को कोरोना के 607 नए मामले आए। इससे पहले इस साल 6 जनवरी को 654 मामले आए थे। दिल्ली में पिछले 7-8 दिनों में संक्रमण की रफ्तार तेजी से बढ़ती जा रही है। यही नहीं अब संक्रमण दर भी बढ़ रहा है। एक मार्च को दिल्ली का संक्रमण दर 0.44 प्रतिशत था जो 18 मार्च को 0.76 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here