आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने राज्य को विशेष तरजीह दिए जाने और धनराशि बढ़ाए जाने के केन्द्र सरकार के दावे को खारिज करते हुए इसे ‘जख्म पर नमक छिड़कने’ जैसा करार दिया है। तेलुगू देशम पार्टी  प्रमुख नायडू यहां शनिवार को ‘चुनाव अभियान-2019’ की शुरूआत करते हुए पार्टी नेताओं को टेलीकांफ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वह 29 बार दिल्ली गये लेकिन हर बार केंद्र ने उन्हें खाली हाथ लौटा दिया। नायडू ने यह प्रतिक्रिया केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के उस वक्तव्य के बाद दी है जिसमें उन्होंने (श्री सिंह ने) कडप्पा में शुक्रवार को पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा था कि केंद्र आंध्र प्रदेश को विशेष दर्जा देने के स्थान पर विशेष तरजीह दे रहा है।

उन्होंने कहा,“ तेलंगाना राष्ट्र समिति और वाईएसआर कांग्रेस को छोड़कर, 20 से अधिक गैर-भाजपा (भारतीय जनता पार्टी) दलों ने यूनाइटेड इंडिया रैली में भाग लिया। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव और वाईएसआरसीपी के अध्यक्ष वाई, एस. जगन मोहन रेड्डी इस रैली में शामिल नहीं हुये जिससे स्पष्ट संकेत मिला है कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं।” नायडू ने तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसीआर के इस दावे को गलत करार दिया कि उन्होंने (केसीआर ने) संघीय मोर्चा का गठन किया है । उन्होंने कहा कि मोदी को समर्थन देने के लिए संघीय मोर्चा का गठन किया गया है और यह मोर्चा भाजपा के विरोध में भी नहीं शामिल है।”

केरल में सबरीमाला मंदिर की घटनाओं का हवाला देते हुए तेदेपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा मंदिरों में शांति भंग करने और सौहार्द्र बिगाड़ने की कोशिश कर रही है। कर्नाटक की घटनाओं का उल्लेख करते हुए, उन्होंने भाजपा पर  विधायकों की खरीद-फरोख्त में लिप्त होने का आरोप लगाते हुए कहा कि ऐसा इस वजह से किया जा रहा है ताकि जनता दल (एस) नेता एच डी कुमारस्वामी के नेतृत्व वाली सरकार को हटाकर भाजपा सरकार का गठन किया जा सके।

नायडू ने कार्यकर्ताओं  से राज्य के खिलाफ टीआरएस नेताओं द्वारा फैलाए जा रही घृणा को उजागर करने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी आगामी चुनावों के लिए ऐसे उम्मीदवारों की तलाश कर रही है जो बड़े पैमाने पर पैसा खर्च कर सकें। मुख्यमंत्री ने आगामी चुनावों में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के लिए तेदेपा कार्यकर्ताओं से कड़ी मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी कैडरों को भाजपा के ‘कुकर्मों’ को लोगों के बीच ले जाने की भी अपील की। उन्होंने तेदेपा के संस्थापक और पूर्व मुख्यमंत्री एन टी रामाराव की 23 वीं पुण्यतिथि को भव्य तरीके से मनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की सराहना की।

-साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here