पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में गोहत्या का एक मामला सामने आया है। मुहर्रम और दशहरा के मद्देनजर कई लोग इसे एक बड़ी साजिश मान रहे हैं। क्षेत्र में तनाव व्याप्त है, जिसको देखते हुए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।

जिले के कटरा बाजार थाना क्षेत्र के भटपुरवा गांव में रविवार यानी मुहर्रम वाली रात गणेश प्रसाद दीक्षित की बछिया अचानक से गायब हो गई। तलाश करने पर कई लोगों ने बताया कि गणेश दीक्षित के पड़ोसी रामसेवक दीक्षित और मंगल दीक्षित ही गाय को ले गए हैं। जब तक लोग आरोपियों का पता करते तब तक आरोपी बछिये को खेत में ले जाकर काट चुके थे। घटनास्थल पर लोगों के पहुंचने पर दोनों आरोपी भागने की कोशिश करने लगे लेकिन पुलिस ने उनका पीछा कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

जिले के पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध 3/8 गोवध निवारण अधिनियम, 153ए, 295ए, 505(2), 379 आईपीसी एवं पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ रासुका के तहत भी कार्रवाई होगी। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पीएसी और पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

उमेश सिंह ने बताया कि गाय के गायब होने और फिर उसकी हत्या होने के बाद गांव में सांप्रदायिक तनाव पैदा हो गया था। अभियुक्तों से पूछताछ में पता चला है कि इन लोगों ने एक साजिश के तहत बछिया की हत्या की है। उन्होंने कहा कि अगर दोनों की गिरफ्तारी जल्द नहीं होती तो इलाके में सांप्रदायिक माहौल बिगड़ सकता था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here