किसानों के बाद अब करीब 8 करोड़ छोटे दुकानदारों के संगठन कन्फडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और ट्रांसपोर्टर्स के संगठन ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन (AITWA) ने भी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।

26 फरवरी 2021 को सभी ने भारत बंद का आव्हन किया है। आज ट्रांसपोर्टर्स अपने वाहन खड़े कर देंगे। इससे माल की ढुलाई और लोगों कीआवाजाही काफी प्रभावित हो सकती है।

देश के खुदरा दुकानदार एमेजॉन जैसे रिटेल चेन के बढ़ते प्रभाव और कथित मनमानी से बहुत परेशान हैं। इसके अलावा वे वस्तु एवं सेवा कर में बदलाव की भी मांग कर रहे हैं। दूसरी तरफ ट्रांसपोर्टर्स पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और ई-वे बिल में आने वाली समस्या को लेकर नाराज हैं।

अपनी नाराजगी को जाहिर करने के लिए कन्फडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) और ऑल इंडिया ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयरएसोसिएशन (AITWA) ने 26 फरवरी शुक्रवार यानी आज भारत बंद की घोषणा किया है। इसके अलावा राज्यों के कई व्यापारी संगठनों ने भी इन मांगों का समर्थन किया है। AITWA ने आज चक्का जाम करने का निर्णय लिया है।

कन्फडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) के अनुसार, पिछले साल 22 दिसंबर और उसके बाद GST नियमों में कई संशोधन किए गए। इनमें अधिकारियों को असीमित अधिकार दिए गए हैं। अब कोई भी अधिकारी कोई भी कारण लेकर किसी भी व्यापारी का GST रजिस्ट्रेशन नंबर सस्पेंड या कैंसिल कर सकता है।

इसके अलावा बैंक खाता और संपत्ति भी जब्त कर सकता है। खास बात यह है कि ऐसा करने से पहले व्यापारी को कोई नोटिस नहीं दिया जाएगा। यह व्यापारियों के मौलिक अधिकारों का हनन है।

वहीं दूसरी तरफ ट्रांसपोर्टर्स जीएसटी के तहत आने वाले ई-वे बिल नियमों का विरोध कर रहे हैं। साथ ही वे डीजल-पेट्रोल की लगातार बढ़ती कीमतों की भी मुखालफत कर रहे हैं।

गौरतलब है कि, इस महीने पेट्रोल के दाम में 13 दिन बढ़ोतरी हुई है। उससे यह 03.63 रुपये महंगा हो गया है। मुंबई में तो पेट्रोल 97.34 रुपये पर पहुंच गया है, जो कि मेट्रो शहरों में सबसे ज्यादा है। भोपाल में एक्सपी पेट्रोल (XP Petrol) 101.87 रुपये पर बिक रहा है। पेट्रोल के बढ़ते दाम से दुकानदार खफा हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here