चुनाव में हार-जीत चलती रहती है और चुनाव से पहले आरोप-प्रत्यारोप का दौर भी चलता रहता है। नतीजा यह होता है कि कई आरोप विवाद को जन्म दे देते हैं और नेताओं को इसका खामियाजा भी भविष्य में भुगतना पड़ता है। अब केंद्रीय मंत्री अरुण जेटली ने कांग्रेस पर बड़े ही संगीन आरोप लगाए हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमलावर होते हुए कहा कि कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए और सिर्फ एक आदमी को हराने के लिए लश्कर ए तैयबा जैसे आतंकी संगठनों का इस्तेमाल किया। जेटली ने कहा कि “गुजरात में पिछले तीन चुनावों के दौरान कांग्रेस ने एक शख्स (नरेंद्र मोदी) को निशाना बनाया। उन्होंने 2007 और 2012 के चुनावों के दौरान पूरी मशीनरी का इस्तेमाल किया, सीबीआई का गलत इस्तेमाल किया, आतंकवादियों के रूप में देश विरोधी तत्वों का इस्तेमाल किया।’’

केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा है कि कांग्रेस गुजरात में विकास का मजाक उड़ाकर ‘अजीबोगरीब अभियान’ चला रही है और ‘जातिवाद का जहर’ फैला रही है। केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने शनिवार को कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए यह भी कहा कि ऐसा पहली बार हो रहा है… ना केवल भारत में, बल्कि पूरे विश्व में… कि एक राजनीतिक पार्टी विकास को बुरी चीज के तौर पर पेश कर अपने अभियान की शुरूआत कर रही है।” कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे विकास पागल हो गया हैअभियान की तरफ इशारा करते हुए उन्होंने कहा, “विकास गरीबी से लड़ता है, यह पिछड़ेपन से लड़ता है, लेकिन वे इसी का मजाक उड़ा रहे हैं।”

अरुण जेटली ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस गुजरात में समाज को जाति और संप्रदाय के आधार पर बांटना चाहती है, जोकि देशहित में नहीं है। जेटली ने कहा कि देश के जिन अन्य राज्यों में जातिवाद का जहर फैलाया गया है, वह अब विकास से काफी पीछे जा चुका है। उनका इशारा हार्दिक पटेल, जिग्नेश मेवाणी और अल्पेश ठाकोर जैसे जातिवादी नेताओं के साथ गठबंधन करने की कांग्रेस की कोशिश की ओर था। हालांकि  इन आरोपो का कांग्रेस ने अभी तक कोई जवाब नहीं दिया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here