नेशनल जिअग्राफिक (National Geographic) के शो ‘It Happens Only in India’ को होस्ट करेंगे सोनू सूद, इस शो में भारत की अद्भुत विरासत को दिखाया जाएगा। भारत में कई अविश्वनीय और आश्चर्यजनक स्थल हैं और हर जगह से जुड़ी कुछ ऐसी कहानियां हैं जो सबके लिए अनूठी और दिलचस्प हैं।
नेशनल जिअग्राफिक (National Geographic) देशभर से कुछ ऐसी ही अनोखी कहानियों के साथ अपने दर्शकों के लिए एक सीरीज लेकर आया है। ‘It Happens Only in India’ नाम के इस सीरीज को सोनू सूद होस्ट करेंगे। 10 भागों वाला यह सीरीज दर्शकों को देश के विभिन्न प्रांतों की कुछ ऐसी कहानियों के बारे में बताएगा, जिनके बारे में कम ही लोगों को पता है। इन कहानियों को काफी रिसर्च करके तैयार किया गया है।
दिखाई जाएंगी दिलचस्प कहानियां
भारत में 26 अक्टूबर को रात 8 बजे नेशनल जिअग्राफिक चैनल पर शो का प्रथम प्रसारण होने जा रहा है। इस शो में सोनू सूद देशभर से दिलचस्प कहानियों को लेकर आयेंगे। ये कहानियां आधुनिक से लेकर रहस्यमयी स्थानों, मिथकों से लेकर प्राकृतिक आश्चर्य तक, अद्भुत भव्य संरचनाओं और अंतरिक्ष की नवीनतम तकनीकों से जुड़ी होंगी, जो पूरी तरह भारतीय होंगी। प्रत्येक एपिसोड दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर कर देगा कि वे अपने देश को कितना जानते और समझते हैं।
नेशनल जिअग्राफिक के एक प्रवक्ता ने कहा कि नेशनल जिअग्राफिक में हम कहानियों को बयां करने के लिए एक्सपप्लोरेशन की ताकत का लाभ उठाते हैं और हमारे आस-पास की दुनिया के बारे में अनूठी जानकारियां उपलब्ध कराते हैं। ‘It Happens Only in India’ के जरिये हमारा फोकस समृद्धशाली कहानियों को प्रस्तुत करना है और इसके लिए हमें सोनू सूद से बेहतर होस्ट नहीं मिल सकता था।
वहीं सोनू सूद ने कहा कि आप भारत के बारे में चाहे कितना भी पढ़ लें, इसे पूरी तरह से नहीं जान सकते हैं। इस विविधतापूर्ण देश में कई असाधारण कहानियां हैं, जिनके बारे में अभी भी लोगों को पता नहीं है। यह शो दर्शकों को एक आकर्षक सफर पर ले जायेगा और उन्हें हमारे देश की अतुल्य संस्कृति, प्रकृति, विरासत और अद्भुत चीजों के और भी करीब लेकर आएगा। इन कहानियों को देखने के बाद इस देश का नागरिक होने पर हमें और भी गर्व महसूस होगा।
ये भी पढ़ें
Virat Kohli और Anushka Sharma बेटी के साथ कर रहीं हैं लंच, Vamika के हेयर स्टाइल को देख खुश हुए फैंस