आखिरकार महीनों से चली आ रही दिल्ली एमसीडी की जंग के लिए आज उम्मीदवारों का फैसला किया जा रहा है। दिल्ली नगर निगम चुनाव के लिए मतदान सुबह 8 बजे से जारी है। दिल्ली एमसीडी की 272 सीटों में से 270 सीटों पर आज वोटिगं हो रही है। सराय पीपल थला और मौजपुर वार्ड में प्रत्याशियों के निधन से वोटिंग टाल दी गई है। पिछले 10 साल से एमसीडी पर काबिज़ बीजेपी और दो साल से दिल्ली की सत्ता पर काबिज़ आम आदमी पार्टी, दोनों के लिए यह चुनाव प्रतिष्ठा का सवाल हैं। एक ओर हाल ही में यूपी में प्रचंड बहुमत से जीतकर आने वाली बीजेपी है तो दूसरी ओर दिल्ली में ऐतिहासिक जीत दर्ज करके सरकार बनाने वाली आम आदमी पार्टी। देखना दिलचप्स होगा कि आज जनता किसे अपने नगर निगम का मुखिया चुनती है। हालांकि बीजेपी और आप के अलावा कांग्रेस भी इस रेस में शामिल है लेकिन उसके हालिया प्रदर्शन और पार्टी में उठ रहे बगावत के सुर से कांग्रेस की स्थिति थोड़ी कमजोर दिखाई दे रही है।

दिल्ली एमसीडी चुनाव की कुछ मुख्य बातें:

  • दिल्ली के बड़े-बड़े नेताओं अपना वोट डाल दिया है। दिल्ली के एलजी अनील बैजल, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया, अजय माकन, डॉ हर्षवर्धन, सत्येंद्र जैन समेत कई नेता अपना वोट डाल चुके हैं।
  • मतदान से लेकर 26 अप्रैल को मतगणना होने तक, संपूर्ण चुनाव प्रक्रिया में सुरक्षा की जिम्मेदारी दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों के 56 हजार जवानों के हाथों में होगी।
  • दिल्ली नगर निगम चुनाव में कुल 272 सीटों के लिए 1 करोड़ 32 लाख 206 मतदाताओं के लिए 13,022 बूथ बनाए गए हैं।
  • उत्तरी दिल्ली नगर निगम में 1,004 उम्मीदवार हैं। दक्षिणी दिल्ली नगर निगम में 985 और पूर्वी दिल्ली नगर निगम में 548 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है।

सुरक्षा व्यवस्था

इस बार निगम चुनाव में पहली बार नोटा का प्रयोग किया जा रहा है। निगम चुनाव को पारदर्शी तरीके से कराने के लिए करीब 56 हजार दिल्ली पुलिस, 40 कंपनियां पैरामिलिट्री और 20 हजार होमगार्डस को भी तैनात किया गया है। बूथ के अंदर मतदाताओं को मोबाइल फोन ले जाने की इजाजत नहीं है। इस बार कुल 13141 पोलिंग स्टेशन हैं, जिसमें 799 संवेदनशील और 208 अतिसंवेदनशील मतदान केंद्र हैं। सराय पीपल थला और मौजपुर वार्ड में प्रत्याशियों के निधन से वोटिंग टल गई है।

EVM में छेड़छाड़ की कोई गुंजाइश नहीं

राज्य चुनाव आयुक्त एस के श्रीवास्तव ने दावा किया कि जिस EVM-1 का इस्तेमाल होने जा रहा है उसमें गड़बड़ी और छेड़छाड़ की कोई गुंजाइश नहीं है। उन्होंने बताया कि EVM मशीनों को उम्मीदवार और उनके प्रतिनिधियों के सामने भी जांचा गया है। तीनों एमसीडी में कुल मतदाता करीब 1 करोड़ 34 लाख 23 हजार 783 हैं. करीब 1 लाख कर्मचारी मतदान केंद्र पर मौजूद रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here