अभी तक यूपी की जनता भगवा रंग में रंगी थी लेकिन जल्द ही यूपी के सरकारी ठिकानों पर भी भगवा रंग उकेरा जाएगा। इसका एक उदाहरण मुख्यमंत्री सचिवालय (शास्त्री भवन) के रूप में देखा जा सकता है जो जल्द ही भगवा रंग में लिप्त नजर आएगी।

जल्द ही यूपी सचिवालय के पूरे भवन को ही भगवा रंग में रंगा जाएगा। बता दें कि भवन की सिर्फ पुताई ही भगवा रंग से नहीं कि जाएगी बल्कि भवन के अंदर रोजमर्रा के जिंदगी में इस्तेमाल की जाने वाली वस्तुएं भी इसी रंग में रंगी नजर आएगी। इन वस्तुओं में जैसे तौलियां, सोफे, कवर, मेजपोस, पर्दा जैसी वस्तुएं शामिल हैं और इन सबको भगवा रंग से रंगा जाएगा।

शास्त्री भवन का रंग पहले सफेद था लेकिन अब यह भवन भगवा रंग में तब्दील हो जाएगा। शास्त्री भवन की पुताई तेजी से शुरू कर दी गई है। सीएम योगी का दफ्तर लाल बहादुर शास्त्री भवन में हैं, जिसे एनेक्सी भी कहा जाता है।

इससे पहले 25 सितंबर को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने भगवा रंग की बसें भी सड़कों पर उतारी थी। इन बसों को दीनदयाल उपाध्याय बस का नाम दिया गया था। भगवा रंग की इन बसों को ‘संकल्प सेवा’ कहा गया। उत्तर प्रदेश राज्य परिवहन निगम ने इन बसों को उन ग्रामीण क्षेत्रों के लिये उतारा था जहां परिवहन की सुविधा काफी कमजोर है।

UP-Secretariat

आपको बता दें कि भवन की चारदीवारी का रंगाई का काम शुरू हो चुका है। दीवार के बॉर्डर की पुताई लाल रंग से की जा रही है। मुख्यमंत्री सचिवालय के रख-रखाव की जिम्मेदारी राज्य संपत्ति विभाग की है। इसके निदेशक योगेश शुक्ल ने बताया कि सीएम ऑफिस को भगवा रंग से रंगने का प्रस्ताव मुख्यमंत्री सचिवालय से ही आया था। इसके अलावा कुछ अधिकारियों का मानना है कि यह रंग आकर्षक है, इसलिये इसका चुनाव किया गया।

जैसा कि कुछ दिन पहले कानपुर में वनडे मैच खेलने आई  भारत और न्यूजीलैंड की टीम का स्वागत भी भगवा गमछा पहना कर किया गया था।

ये भी पढ़ें- कानपुर में भगवा गमछे से क्रिकटरों का स्वागत, मचा सियासी घमासान

गौरतलब है कि यूपी में योगी सरकार आने के बाद बाजार में भगवा रंग के गमछों की बिक्री में काफी तेजी पाई गई थी। योगी के सत्ता में आने के बाद प्राथमिक विद्यालयों में छात्रों को भगवा रंग के बैग वितरित करने का आदेश दिया था। जैसा कि समाजवादी पार्टी (सपा) सरकार के कार्यकाल में बच्चों को हरे और लाल रंग के बस्ते दिये गये थे। बस्तों में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव और उनके पिता मुलायम सिंह यादव की तस्वीर छपी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here