राजस्थान चुनाव को कुछ महीने ही बाकी हैं। ऐसे में वसुंधरा राजे को लेकर पार्टी में उथल-पुथल मची है। दरअसल, राजस्थान की राजनीति में इस समय वसुंधरा राजे को सीएम उम्मीदवार के लिए अगली बार भी खड़ा करना बीजेपी के लिए थोड़ा रिस्की साबित हो सकता है। मॉब लिंचिंग और दलितों को लेकर वसुंधरा राजे सरकार वैसे भी विपक्ष के निशाने पर है। ऊपर से इतिहास को लेकर छेड़छाड़ भी जनता को रास नहीं आ रहा है। लेकिन पार्टी अध्यक्ष अमित शाह पूरे दमखम के साथ वसुंधरा राजे के साथ खड़े हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि राजस्थान के साथ-साथ छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में पार्टी एक बार फिर सरकार बनायेगी और 2019 में नरेन्द्र मोदी ही देश के प्रधानमंत्री बनेंगे।

अमित शाह ने शनिवार को कहा कि राजस्थान में आगामी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के नेतृत्व में लड़ा जाएगा। वह एक बार फिर प्रदेश की मुख्यमंत्री बनेंगी। शाह यहां तोतूका भवन में भाजपा प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि राजस्थान के साथ छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में भी भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी। शाह ने इसी के साथ सीएम कैंडीडेट को लेकर काफी समय में चल रही अफवाहों पर भी लगाम लगा दी।  उन्होंने कहा कि वसुन्धरा राजे की सरकार ने राजस्थान में बहुत काम किया है। भामाशाह योजना, मुख्यमंत्री जल स्वावलम्बन अभियान और गौरव पथ जैसी कई योजनाओं को देशभर में यश मिला है।

शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि वह नकारात्मक राजनीति कर अफवाहें फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने इसे लोकतंत्र पर अघोषित हमला बताते हुए कहा कि ऐसी परिस्थिति में कांग्रेस के खिलाफ भाजपा की लड़ाई और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है। कार्यकर्ताओं में जोश का संचार करते हुए अमित शाह ने कहा कि, पूरे देश की नजर राजस्थान पर है। इस बार राजस्थान में सरकार बदलने की धारणा तोड़ भाजपा प्रचण्ड बहुमत से फिर सत्ता में आएगी। आज पूरा देश भाजपामय हो गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here