अगर आप सोच रहे हैं कि सिक्कों को दरकिनार कर आप उनसे छुटकारा पा लेंगे तो ऐसा बिल्कुल नहीं है। जहां आज के समय में लोग एक, दो और पांच के सिक्के लेने से कतराते हैं वहीं भारतीय रिजर्व बैंक जल्द ही 350 का सिक्का जारी करने की तैयारी में है। अब जल्द ही लोगों की जेब में 350 के सिक्के की भी खनक सुनाई देगी, हालांकि ये खनक ज्यादा समय तक नहीं रहेगी क्योंकि RBI ये सिक्के केवल कुछ ही समय के लिए जारी करेगा।

दरअसल RBI गुरु गोबिंद सिंह के 350वें प्रकाशोत्सव पर आम जनता के लिए 350 का सिक्का बाजार में उतारेगा। बताया जा रहा है यह सिक्का 44 मिलीमीटर का होगा और इस सिक्के का वजन 35 ग्राम होगा। जिसमें 50 फीसदी चांदी, 40 फीसदी कॉपर और 5-5 फीसदी निकेल और जिंक का मिश्रण होगा।

सिक्के के दोनों तरफ अंग्रेजी में इंडिया और देवनागरी लिपि में भारत लिखा होगा। सिक्के के आगे के हिस्से में अशोक स्तंभ के साथ सत्यमेव जयते लिखा होगा। इस 350 रुपये के सिक्के के पीछे वाले हिस्से के बीचों बीच श्री हरमिंदर साहिब तख्त का चित्र होगा। चित्र के ऊपर और नीचे के हिस्से में अंग्रेजी और देवनागरी में ‘श्री गुरू गोबिंद सिंह जी का 350वां प्रकाश उत्सव’ लिखा होगा। इस सिक्के के बायें और दाएं तरफ साल 1666 और 2016 साल लिखा होगा। हालांकि भारतीय रिजर्व बैंक की तरफ से अभी यह नहीं बताया गया कि वो बाजार में कितने सिक्के जारी करेगा। जहां एक तरफ सिक्कों का चलन खत्म होता जा रहा है, ऐसे में RBI का नया सिक्का जारी करना बेहद अहम बात है। अब देखना ये होगा कि ये सिक्के कितने समय तक लोगों की जेब में खनकेंगे।

ब्यूरो रिपोर्ट एपीएन

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here