केंद्र सरकार भले ही देश में लड़कियों की सुरक्षा के तमाम वादे करती हो लेकिन देश में बढ़ती रेप की घटनाएं इन सभी दावों की पोल खोल रही है। बिहार के मुजफ्फरपुर में ‘सेवा संकल्प एवं विकास समिति’ के बालिका गृह  के भीतर लड़कियों से रेप की घटना का खुलासा हुआ है। रेप की घटना के बाद इस मामले में एक और खुलासा हुआ है। पीड़ित लड़की ने पुलिस को बताया है कि उनकी एक साथी की हत्या कर उसकी लाश को हॉस्टल परिसर में ही दबा दिया गया था।

पुलिस को जैसे ही इस बात की जानकारी मिली वैसे ही पुलिस ने बालिका गृह के अंदर खुदाई कराई। हालांकि, अब तक की खुदाई में पुलिस को ऐसा कुछ नहीं मिला है, जिसकी जानकारी पीड़िता ने दी थी। मुजफ्फरपुर की एसएसपी हरप्रीत कौर ने बताया खुदाई में कुछ नहीं मिला है, लेकिन मामले की गहन जांच की जा रही है।

एसएसपी हरप्रीत कौर के अनुसार, अब तक इस केस में 10 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। हम जल्द ही इस केस में चार्जशीट दायर करेंगे। उन्होंने बताया कि पूछताछ में किसी भी लड़की ने ये नहीं बताया है कि उन्हें हॉस्टल से बाहर ले जाया गया।

वहीं गिरफ्तार किए गए आरोपियों में सेवा संकल्प एवं विकास समिति के इस बालिका गृह के संचालक बृजेश ठाकुर और विनीत कुमार शामिल हैं। इन दोनों के अलावा बालिका गृह में काम कर रही 7 महिलाओं को भी गिरफ्तार किया गया है।

ये है पूरा मामला

मुजफ्फरपुर के ‘सेवा संकल्प एवं विकास समिति’ नाम के बालिका गृह में रह रही लड़कियों के साथ शारीरिक शोषण का खुलासा हुआ था। यह खुलासा तब हुआ था जब टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज ने इसी साल मई (2018) में इस बालिका गृह का सोशल ऑडिट किया था। खुलासे के बाद लड़कियों का मेडिकल चेकअप कराया गया। 21 लड़कियों की मेडिकल रिपोर्ट से खुलासा हुआ कि इनमें से 16 लड़कियों के साथ बालिका गृह में बलात्कार हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here