राजधानी दिल्ली में एक बार फिर अफ्रीकी नागरिकों को भीड़ ने निशाना बनाया है। द्वारका के ककरोला इलाके में गुरुवार शाम बच्चों को अगवा कर उन्हें खाने की अफवाह फैल गई। जिसके बाद गुस्साई भीड़ ने अफ्रीकी मूल की चार महिलाओं और दो पुरुषों को निशाना बनाया।

हालांकि पुलिस ने सभी को बचा लिया है और पुलिस मामले की जांच कर रही है। विदेशी नागरिकों पर ये हमले द्वारका के अलग-अलग जगहों पर हुए हैं। गुरुवार शाम एक विदेशी महिला के साथ विवाद होने की सूचना पुलिस को मिली थी।

मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि सैकड़ों लोगों ने एक घर को घेर रखा था। पुलिस ने वहां से से तंजानिया की दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। इस दौरान एक महिला ने पुलिस को फोन पर सूचना दी कि नाइजीरियाई लोगों ने उसके 16 साल के लड़के को अगवा कर लिया है।

मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच में पाया कि महिला के घर से कोई अगवा नहीं हुआ है। थोड़ी देर बाद पुलिस ने ओल्ड पालम रोड के हरि विहार से तंजानिया की दो और महिलाओं को सुरक्षित निकाला। रात में गश्ती के दौरान पुलिस को एक कमरे में नाइजीरिया के दो नागरिक मिले।

दोनों ने पुलिस को बताया कि जब वे अपने कमरों में सो रहे थे तभी कुछ लोग आए और किसी ने उनके कमरे को बाहर से बंद कर दिया।

पुलिस का कहना है कि विदेशी नागरिकों की सुरक्षा के लिए सभी 6 जिनमें दो महिलाएं थीं उन्हें पहले थाने लाया गया, हालांकि बाद में सभी को छोड़ दिया गया। इनमें से एक का वीजा एक्सपायर हो गया है इसलिए उसे वापस भेजा जाएगा।

बता दें यह पहला मौका नहीं है जब दिल्ली में रह रहे अफ्रीकी मूल के लोगों को लेकर ऐसी अफवाहें फैल रही हैं। ऐसे मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here