प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (सोमवार) से तीन अफ्रीकी देशों के दौरे की यात्रा पर जा रहे हैं। पीएम मोदी के इस दौरे के दौरान भारत ब्रिक्स के तहत पहले महाद्वीप में द्विपक्षीय और उसके बाद बहुपक्षीय संवाद स्थापित करेगा। विदेश मंत्रालय ने उनके इस दौरे को लेकर जारी एक बयान में बताया कि ‘रवांडा, युगांडा और साऊथ अफ्रीका के दौरे से अफ्रीका महाद्वीप के साथ हमारा संबंध और मजबूत होगा’। पिछले कुछ वर्षों में अफ्रीकी देशों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण अनुबंध हुआ है।

बता दें कि पिछले चार साल में हमारे देश के राष्ट्रपति, उप राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री अफ्रीका के 23 दौरे कर चुके हैं। मोदी अपने रवांडा दौरे के दौरान रवांडा के राष्‍ट्रपति पॉल कागामे को अनमोल तोहफा देने की तैयारी में हैं। वह पॉल कागामे को 200 गाय तोहफे के रुप में देंगे। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली रवांडा यात्रा होगी।

विदेश मंत्रालय का कहना है कि ‘भारत की विदेश नीति में अफ्रीका को शीर्ष प्राथमिकता दी गई है।’ रवांडा और युगांडा के दौरे के दौरान रक्षा और कृषि क्षेत्र में सहयोग मोदी की प्राथमिकता होगी। इसके बाद वह ब्रिक्स (ब्राजील, रूस, भारत, चीन और दक्षिण अफ्रीका) के सालाना शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने दक्षिण अफ्रीका जाएंगे। पीएम मोदी के अफ्रीका का यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह 2016 में मोजाम्बिक, दक्षिण अफ्रीका, तंजानिया और केन्या के दौरे पर गए थे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 23 जुलाई को रवांडा पहुंचेंगे। पहली बार भारत के किसी प्रधानमंत्री का यह रवांडा का दौरा होगा। भारत ने रवांडा के साथ अपने रिश्तों को मजबूत किया है पिछले साल जनवरी में भारत ने रवांडा के साथ रणनीतिक साझेदारी की।

प्रधानमंत्री के इस दौरे की जानकारी मीडिया को देते हुए विदेश मंत्रालय में सचिव टी. एस. तिरुमूर्ति ने कहा कि , ‘भारत बहुत जल्द रवांडा में अपना पहला मिशन शुरू करेगा। रवांडा के लिए भारत के वर्तमान उच्चायुक्त का आवास युगांडा के कंपाला में है।’ भारत ने रवांडा को 40 करोड़ डॉलर का कर्ज दिया है और वहां भारत की ओर से प्रशिक्षण छात्रवृति कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं।

आपको बता दें कि दक्षिण अफ्रीका में ब्रिक्स नेताओं का 10वां शिखर सम्मेलन हो रहा है, जिसका विषय ‘चतुर्थ औद्योगिक क्रांति में समावेशी विकास और साझी समृद्धि के लिए विकासशील देशों का सहयोग’ रखा गया है। ब्रिक्स सम्मेलन में अफ्रीकी देशों के आमंत्रित समूह में रवांडा, युगांडा, टोगो, जांबिया, नामीबिया, सेनेगल, गैबन, इथोपिया, अंगोला और अफ्रीकन यूनियन चेयर शामिल हैं। अन्य आमंत्रित देशों में अर्जेटीना, तुर्की, इंडोनेशिया, जमैका और मिस्र शामिल हैं।

वहीं ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के इतर पीएम मोदी वहां चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग से भी मुलाकात करेंगे। यह दोनों नेताओं के बीच एक साल के भीतर तीसरी मुलाकात होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here