मुंबई के उपनगर अंधेरी स्थित सरकारी ईएसआईसी कामगार अस्पताल में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गयी। जबकि आगंतुकों समेत 158 लोग झुलस गए। बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के एक अधिकारी ने बताया कि उपनगरीय अंधेरी के मरोल में स्थित ईएसआईसी कामगार अस्पताल में आग लगने के बाद लोगों को निकाला गया। उन्होंने बताया, इसके बाद अग्निशमन कर्मियों ने सीढ़ियों की मदद से उन्हें अस्पताल की अलग-अलग मंजिलों से बचाया। अधिकारी ने बताया, अस्पताल की इमारत में भूतल के साथ पांच मंजिल है और आग चौथी मंजिल पर लगी थी।

मुंबई अग्निकांड : मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये का मुआवजा घोषित

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री संतोष कुमार गंगवार ने मुंबई के कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) अस्पताल के अग्नि कांड में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के परिजनों को 10 लाख रुपए का मुआवजा देने की घोषणा की है। गंगवार ने मंगलवार को यहां इस हादसे पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अग्निकांड में गंभीर रुप से घायल व्यक्तियों को दो-दो लाख रुपए और मामूली रुप से घायल लोगों को एक एक लाख रुपए की मदद दी जाएगी। श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अनुसार अस्पताल में आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रारंभिक सूचना में कहा गया है कि अस्पताल में पुनर्निर्माण कार्य से संबंधित सामग्री में आग गयी और चारों तरफ धुआं फैल गया। इस हादसे में दम घुटने से आठ लोगों की मौत हो गयी और 158 लोग घायल हो गये। इनमें 57 को इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी है।

मंत्रालय ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को अग्निशमन कर्मचारियों, डाक्टरों और सहायक कर्मचारियों की मदद से निकट के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।  ईएसआईसी अस्पताल की उप चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रेश्मा वर्मा को भी निकट के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह बचाव कार्य के दौरान बेहोश हो गयी थी। हादसे की विस्तृत रिपोर्ट की प्रतीक्षा है। गंगवार ने मंत्रालय और ईएसआईसी के वरिष्ठ अ्रधिकारियों के साथ बैठक की है और मृतकों के परिजनों तथा घायलों को हर संभव मदद देने की निर्देश दिये हैं। दिल्ली के ईएसआईसी अस्पताल से डाक्टरों का एक दल मुंबई भेजा गया है। गंगवार, श्रम सचिव और ईएसआईसी के महानिदेशक मौके पर हालात का जायजा लेने शाम को मुंबई जा रहे हैं।

राहुल ने मुंबई के अस्पताल में आग से हुई मौतों पर किया शोक व्यक्त

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुंबई के उपनगर अंधेरी स्थित कामगार अस्पताल में आग से हुई मौतों पर शोक व्यक्त किया है। गांधी ने फेसबुक पोस्ट पर अपने शोक संदेश में कहा, “मुंबई के अंधेरी में स्थित ईएसआईसी कामगार अस्पताल में  आग में आठ लोगों की मौत के बारे में जानकर बहुत दुख हुआ।” उन्होंने कहा, “घटना में मारे गये लोगों के परिजनों और मित्रों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं। मैं घटना में  झुलसे लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।” गौरतलब है कि सोमवार को मुंबई के सरकारी ईएसआईसी कामगार अस्पताल में आग लगने से आठ लोगों की मौत हो गयी थी और 158 अन्य झुलस गये थे।

-साभार, ईएनसी टाईम्स

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here