एक हफ्ते पहले PM Modi ने की ‘मन की बात’, जानिए कार्यक्रम की 102वीं कड़ी की मुख्य बातें

इस साल योग दिवस की थीम है- Yoga for Vasudhaiva Kutumbakam- पीएम मोदी

0
63
Mann Ki Baat
Mann Ki Baat

Mann Ki Baat:प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर महीने के आखिरी रविवार को अपना रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ करते हैं। हालांकि, इस बार उन्होंने इस कार्यक्रम को एक हफ्ते पहले ही यानी आज रविवार को कर दिया है। इसका कारण खुद पीएम मोदी ने ही बताया है। उन्होंने ‘मन की बात’ के 102वीं कड़ी को संबोधित करते हुए कहा,”आमतौर पर ‘मन की बात’ हर महीने के आखिरी रविवार को आपके पास आती है लेकिन इस बार यह एक हफ्ते पहले ही हो रही है। आप सभी जानते हैं, मैं अगले हफ्ते अमेरिका में रहूंगा और वहां कार्यक्रम काफी व्यस्त होने वाला है। इसलिए मैंने सोचा कि मैं जाने से पहले आपसे बात कर लूं। इससे बेहतर क्या हो सकता है।”
अब आइए जानते हैं कि पीएम मोदी ने इस बार’मन की बात’ में क्या कुछ कहा…

Mann Ki Baat
Mann Ki Baat

Mann Ki Baat:चक्रवात बिपरजॉय ने कच्छ में कितना कुछ तहस-नहस कर दिया- पीएम

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने चक्रवात बिपरजॉय का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा,”अभी हमने दो-तीन दिन पहले देखा कि देश के पश्चिमी छोर पर कितना बड़ा चक्रवात आया। तेज चलने वाली हवाएं, तेज बारिश। चक्रवात बिपरजॉय ने कच्छ में कितना कुछ तहस-नहस कर दिया, लेकिन कच्छ के लोगों ने जिस हिम्मत और तैयारी के साथ इतने खतरनाक चक्रवात का मुकाबला किया, वो भी उतना ही अभूतपूर्व है।”

पीएम ने कहा,”दो दिन बाद ही कच्छ के लोग अपना नया वर्ष यानी आषाढ़ी बीज भी मनाने जा रहे हैं। ये भी संयोग है कि आषाढ़ी बीज, कच्छ में वर्षा की शुरुआत का प्रतीक माना जाता है। मैं इतने साल कच्छ आता-जाता रहा हूं। वहां के लोगों की सेवा करने का मुझे सौभाग्य भी मिला है और इसके लिए कच्छ के लोगों का हौंसला और उनकी जिजीविषा के बारे में मैं अच्छी तरह जानता हूं।”
उन्होंने आगे कहा,”दो दशक पहले के विनाशकारी भूकंप के बाद जिस कच्छ के बारे में कहा जाता था कि वो कभी उठ नहीं पाएगा। आज वहीं जिला देश के तेजी से विकसित होते जिलों में से एक है। मुझे विश्वास है चक्रवात बिपरजॉय ने जो तबाही मचाई है, उससे भी कच्छ के लोग बहुत तेजी से उभर जाएंगे।”

देश में Catch The Rain अभियान का हो रहा है सामूहिक प्रयास- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने कहा,”बीते वर्षों में भारत ने आपदा प्रबंधन की जो ताकत विकसित की है, वो आज एक उदाहरण बन रही है। प्राकृतिक आपदाओं से मुकाबला करने का एक बड़ा तरीका है- प्रकृति का संरक्षण। आजकल, मानसून के समय में तो इस दिशा में हमारी जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। इसलिए ही आज देश’Catch The Rain’ जैसे अभियानों के जरिए सामूहिक प्रयास कर रहा है।”
उन्होंने कहा,”मुझे चिट्ठी लिखकर कई ऐसे लोगों के बारे में बताया गया है जो पानी की एक-एक बूंद बचाने के लिए जी-जान से लगे हैं।” पीएम ने कहा कि यूपी के हापुड़ जिले में लोगों ने मिलकर एक विलुप्त नदी को पुनर्जीवित किया है। यहां काफी समय पहले नीम नाम की एक नदी हुआ करती थी। समय के साथ वो लुप्त हो गई। उन्होंने आगे कहा कि लोगों के सामूहिक प्रयास से अब नीम नदी फिर से जीवंत होने लगी है। पीएम मोदी ने कहा,”नदी, नहर, सरोवर ये केवल जल-स्त्रोत ही नहीं होते हैं, बल्कि इनसे जीवन के रंग और भावनाएं भी जुड़ी होती हैं।”

2025 तक टीबी मुक्त भारत का है संकल्प- प्रधानमंत्री
मन की बात कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम ने कहा,”भारत ने संकल्प किया है 2025 तक टीबी मुक्त भारत बनाने का। लक्ष्य बहुत जरूरी है। एक समय था, जब टीबी का पता चलने के बाद परिवार के लोग ही दूर हो जाते थे लेकिन ये आज का समय है। जब टीबी के मरीज को परिवार का सदस्य बनाकर उनकी मदद की जा रही है।” उन्होंने आगे कहा,”क्षय रोग(टीबी) को जड़ से समाप्त करने के लिए, निक्षय मित्रों ने मोर्चा संभाल लिया है। देश में बहुत बड़ी संख्या में विभिन्न सामाजिक संस्थाएं निक्षय मित्र बनी हैं।” पीएम ने कहा,”गांव-देहात में, पंचायत में, हजारों लोगों ने खुद आगे आकर टीबी मरीजों को गोद लिया है। कितने ही बच्चे हैं, जो टीबी मरीजों की मदद के लिए आगे आए हैं। ये जन भागीदारी ही इस अभियान की सबसे बड़ी ताकत है।”

भारत के लिए खेल जगत से आई बड़ी खुशखबरी-पीएम
पीएम ने कहा कि इसी महीने खेल जगत से भारत के लिए बड़ी खुशखबरी आई हैं। उन्होंने कहा,”भारत की टीम ने पहली बार Womens Junior Asia Cup जीतकर तिरंगे की शान बढ़ाई है। इसी महीने हमारी Mens Hockey Team ने भी Junior Asia Cup जीता है। इसके साथ ही हम इस टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे अधिक जीत दर्ज करने वाले टीम भी बन गए हैं।”
उन्होंने कहा कि पहले एक समय होता था जब हमें अंतरराष्ट्रीय आयोजनों के बारे में पता तो चलता था लेकिन उनमें अक्सर भारत का कहीं नाम नहीं होता था। पीएम ने आगे कहा,”लेकिन आज मैं केवल पिछले कुछ सप्ताह की सफलताओं का जिक्र कर रहा हूं, तो भी लिस्ट इतनी लंबी हो जाती है। यही हमारे युवाओं की असली ताकत है। कितने ही खेल और प्रतियोगिताएं हैं, जहां आज भारत पहली बार अपनी मौजूदगी दर्ज करवा रहा है।”

इस साल योग दिवस की थीम है- Yoga for Vasudhaiva Kutumbakam- पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में इस साल मनाए जाने वाले योग दिवस(21 जून) की थीम की भी जानकारी दी। उन्होंने कहा,”इस वर्ष योग दिवस की थीम है- Yoga for Vasudhaiva Kutumbakam यानी ‘एक विश्व-एक परिवार’ के रूप में सबके कल्याण के लिए योग” उन्होंने आगे कहा,”यह योग की उस भावना को व्यक्त करता है, जो सबको जोड़ने वाली और साथ लेकर चलने वाली है। हर बार की तरह इस बार भी देश के कोने-कोने में योग से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।”

पीएम ने कहा,”इस बार मुझे न्यूयॉर्क के संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय, यूएन में होने वाले योग दिवस कार्यक्रम में शामिल होने का अवसर मिलेगा। मैं देख रहा हूं कि सोशल मीडिया पर भी योग दिवस को लेकर गजब का उत्साह दिख रहा है।” पीएम ने कहा कि साथियों मेरा आप सभी से आग्रह है कि आप, योग को अपने जीवन में जरूर अपनाएं। इसे अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।

पीएम मोदी ने ओडिशा में होने जा रही 20 जून से जग्गनाथ यात्रा का भी अपनी मन की बात में जिक्र किया। इसके अलावा उन्होंने कहा,”‘मन की बात’ रंग-बिरंगे मोतियों से सजी एक सुंदर माला है जिसका हर मोती अपने आपमें अनूठा और अनमोल है। इस कार्यक्रम का हर एपिसोड बहुत ही जीवंत होता है। हमें सामूहिकता की भावना के साथ-साथ समाज के प्रति कर्तव्य भाव और सेवा भाव से भरता है। यहां उन विषयों पर खुलकर चर्चा होती है जिनके बारे में हमें आमतौर पर कम ही पढ़ने-सुनने को मिलता है।”

यह भी पढ़ेंः

इस Fathers Day पर अपने पापा का दिन ऐसे बनाएं खास, इन गिफ्टस के जरिए रखें उनका ख्याल

1857 के स्वतंत्रता सेनानियों में रानी लक्ष्मीबाई थीं सबसे खतरनाक, अंग्रेजों ने खुद बताई थी इसकी वजह…

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here