राजस्थान विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी को बुधवार को बड़ा झटका लगा। राजस्थान के मारवाड क्षेत्र में प्रभाव रखने वाले पार्टी विधायक और पूर्व केंद्रीय मंत्री जसवंत सिंह के बेटे मानवेंद्र सिंह कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। इसके साथ ही महाराष्ट्र के भाजपा विधायक आशीष देशमुख ने भी कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। इस खबर की पुष्टि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट ने की है।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने आवास पर मानवेंद्र सिंह तथा आशीष देशमुख को पार्टी की सदस्यता दिलाई। कांग्रेस महा सचिव अशोक गहलोत, राजस्थान कांग्रेस अध्यक्ष सचिन पायलट, पार्टी के राजस्थान प्रभारी अविनाश पांडे तथा कई अन्य प्रमुख नेताओं की मौजूदगी में उन्होंने कांग्रेस का दामन थामा।

इसके बाद में कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में अशोक गहलोत और रणदीप सुरजेवाला ने यह जानकारी देते हुए बताया कि राहुल गांधी ने उम्मीद जताई है कि पूर्व सांसद तथा राजस्थान विधानसभा के सदस्य मानवेंद्र सिंह के कांग्रेस में शामिल होने से पार्टी को फायदा होगा।

मानवेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से कहा कि वह और उनके साथी स्वाभिमानी हैं और वे कांग्रेस को मजबूत बनाने के लिए पूरी ताकत के साथ काम करेंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस के लिए उपयोगी साबित होंगे।

पायलट ने दावा किया कि राजस्थान में कांग्रेस की स्थिति अच्छी है और मानवेंद्र के शामिल होने से पार्टी को लाभ होगा।

बाड़मेर जिले की शिव विधानसभा सीट से विधायक मानवेंद्र सिंह ने बीते 22 सितंबर को बाड़मेर में रैली कर भाजपा छोड़ने की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि ‘कमल का फूल, हमारी भूल’ रही। वहीं, उनकी पत्नी चित्रा सिंह ने सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान किया था।

गौरतलब है कि वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने जसवंत सिंह को टिकट नहीं दिया था। इससे उनको निर्दलीय ही चुनाव लड़ना पड़ा था। उस चुनाव में जसवंत सिंह हार गए थे। उसी समय से जसवंत सिंह का परिवार भाजपा से नाराज चल रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here