पहाड़ी राज्य हिमाचल रविवार को देशभर में सबसे ज्यादा ठंडा राज्य रहा। इसकी वजह पिछली तीन दिन से तापमान का लगातार गिरना बताया जा रहा है। जनजातीय क्षेत्र केलंग में तो तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। वहां पारा माइनस चार डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।

रविवार को शिमला का न्यूनतम तापमान 5.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सोलन में तो और ज्यादा ठंड रही। यहां न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रहा। तापमान में आई लगातार गिरावट के बाद समूचा राज्य शीतलहर की चपेट में आ गया है। दिसंबर के पहले सप्ताह में बिना बारिश के ऐसी सर्दी बर्फबारी के संकेत दे रही है।

जनजातीय क्षेत्रों में जनवरी जैसा माहौल बन गया है। पानी के जमने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि दिन के समय राज्य में धूप खिल रही है। ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट का सिलसिला जारी है।

बताया जा रहा है कि आने वाले एक सप्ताह तक तापमान में किसी तरह के बदलाव की कोई संभावना नहीं है। शुष्क ठंड का दौर जारी रहेगा, जिससे जनता को बीमारियां घेर सकती हैं। अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में गत दिनों हुए हिमपात के कारण पहाड़ों की ओर से आ रही ठंडी हवाएं चल रही हैं। यह सिलसिला 10 दिसंबर तक जारी रहने की उम्मीद है।

बता दें कि चंडीगढ़, देहरादून, जम्मू, लुधियाना, पटियाला, करनाल, अंबाला, दिल्ली, जैसलमेर, कोलकाता और अहमदाबाद में न्यूनतम तापमान आठ से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच है। हिमाचल में नाहन, कांगड़ा व धर्मशाला को छोड़कर सभी स्थानों पर न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस से कम है। इस वजह से लोग ठंड में कांप रहे हैं और उनका घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here