‘मैंने कहा था नरेंद्र का रिकॉर्ड टूटना चाहिए, आपने तो इतिहास बना दिया’, गुजरात में BJP की प्रचंड जीत पर पढ़ें क्या-क्या बोले PM?

0
187
Gujarat Election Results 2022
Gujarat Election Results 2022

Gujarat Election Results 2022: गुजरात विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने प्रचंड जीत दर्ज कर ली है। सारे रिकॉर्ड तोड़ते हुए बीजेपी 155 सीटों पर बढ़त बना चुकी है। वहीं कांग्रेस को 16 सीट ही मिल पाई है। इस जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर जनता का आभार व्यक्त किया है। पीएम मोदी ने ट्वीट करते हुए लिखा कि “धन्यवाद गुजरात। इस अभूतपूर्व चुनाव परिणामों को देखकर मैं बहुत अधिक भावनाओं से अभिभूत हूं।

पीएम ने कहा कि लोगों ने विकास की राजनीति का आशीर्वाद दिया और साथ ही इच्छा व्यक्त की कि वे चाहते हैं कि यह गति और तेज गति से चलती रहे। मैं गुजरात की जन शक्ति को नमन करता हूं।” सभी मेहनती कार्यकर्ता को मैं कहना चाहता हूं – आप में से प्रत्येक एक चैंपियन है! यह ऐतिहासिक जीत हमारे कार्यकर्ताओं की असाधारण मेहनत के बिना संभव नहीं होती, जो हमारी पार्टी की असली ताकत हैं।

Gujarat Election Results 2022: “जनता जनार्दन के आगे नतमस्तक हूं”- पीएम

  • गुजरात में एससी/एसटी की करीब 40 सीटें आरक्षित हैं, जिनमें से 34 सीटें भाजपा ने जीती हैं। आज जनजातीय समाज भाजपा को अपनी आवाज मान रहा है, उनका जबरदस्त समर्थन भाजपा को मिल रहा है। इस बदलाव को पूरे देश में महसूस किया जा रहा है। हमें निरंतर इन जुल्मों के बीच आगे बढ़ना है। हमें अपनी सहनशक्ति और समझशक्ति को बढ़ाना है। हमें सेवाभाव का विस्तार भी करना है और सेवाभाव से ही जीतना है।
  • देश का मतदाता आज इतना जागरूक है कि वह अपना हित और अहित जानता है। देश का मतदाता जानता है कि शॉर्टकट की राजनीति का कितना बड़ा नुकसान देश को उठाना होगा। कोई संशय नही कि देश समृद्ध होगा तो सबकी समृद्धि तय है। इस जनादेश में एक और संदेश है और वो यह कि समाज के बीच दूरियां बढ़ाकर, राष्ट्र के सामने नई चुनौतियां खड़ी करके, जो राजनीतिक दल तत्कालिक लाभ लेने के फिराक में रहते हैं, उन्हें देश की जनता, देश की युवा पीढ़ी देख भी रही हैं और समझ भी रही हैं।
  • हम विचार पर भी बल देते हैं और व्यवस्था को भी सबल बनाते रहते हैं। भाजपा अपने कार्यकर्ताओं की अथाह संगठन शक्ति पर भरोसा करके ही अपनी रणनीति बनाती है और सफल भी होती है। भाजपा आज जहां भी पहुंची है ऐसे ही नहीं पहुंची है। जनसंघ के जमाने से तपस्या करते हुए परिवार के परिवार खपते रहे, तब जाकर ये दल बना है, तब जाकर हम यहां पहुंचे हैं। भाजपा के लिए लाखों समर्पित कार्यकर्ताओं ने अपना जीवन खपा दिया।
  • युवा तभी वोट देते हैं जब उन्हें भरोसा होता है और सरकार का काम प्रत्यक्ष नजर आता है। आज युवाओं ने जब भाजपा को भारी संख्या में वोट दिया है तो इसके पीछे का संदेश बहुत स्पष्ट है कि युवाओं ने हमारे काम को जांचा, परखा और उस पर भरोसा किया है। गुजरात के नतीजों ने सिद्ध किया है कि सामान्य मानवी में विकसित भारत के लिए कितनी प्रबल आकांक्षा है। संदेश साफ है कि जब देश के सामने कोई चुनौती होती है तो देश की जनता का भरोसा भाजपा पर होता है।
PM Modi
PM Modi
  • पीएम ने कहा कि लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा हर सुविधा को प्रत्येक गरीब, मध्यमवर्गीय परिवार तक जल्द से जल्द पहुंचाना चाहती है। लोगों ने भाजपा को वोट दिया, क्योंकि भाजपा देश के हित में बड़े से बड़े और कड़े से कड़े फैसले लेने का दम रखती है। गुजरात की जनता ने तो रिकॉर्ड तोड़ने में भी रिकॉर्ड कर दिया। गुजरात के इतिहास का सबसे प्रचंड जनादेश भाजपा को देकर प्रदेश के लोगों ने नया इतिहास बना दिया है। जाति, वर्ग, समुदाय और हर तरह के विभाजन से ऊपर उठकर भाजपा को वोट दिया है।
  • पीएम ने कहा कि जहां भारतीय जनता पार्टी प्रत्यक्ष नहीं जीती, वहां भाजपा का वोट शेयर भाजपा के प्रति स्नेह का साक्षी है। मैं गुजरात, हिमाचल और दिल्ली की जनता का विनम्र भाव से आभार व्यक्त करता हूं। भाजपा को मिला जनसमर्थन नए भारत की आकांक्षाओं का प्रतिबिम्ब है। भाजपा को मिला जनसमर्थन भारत के युवाओं की ‘युवा सोच’ का प्रकटीकरण है। भाजपा को मिला जनसमर्थन गरीब, शोषित, वंचित, आदिवासियों के सशक्तिकरण के लिए मिला समर्थन है।
PM MODI
PM MODI
  • पीएम मोदी ने कहा मैं जनता जनार्दन के आगे नतमस्तक हूं। जनता जनार्दन का आशीर्वाद अभिभूत करने वाला है। श्री जेपी नड्डा के नेतृत्व में भाजपा के कार्यकर्ताओं ने जो परिश्रम किया है, उसकी खूशबू आज हम चारों तरफ अनुभव कर रहे हैं।
  • जेपी नड्डा- भाजपा ने गुजरात में 52.5% वोट और 157 सीट हासिल की। तो वहीं कांग्रेस 41.4% से घटकर 27.3% प्रतिशत पर आ गई है। वंशवाद, परिवारवाद,अकर्मण्य नेता व गैर जिम्मेदारना विपक्ष के कारण कांग्रेस की ये हालत हुई है।‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ इस मूलमंत्र को लेकर जिस अथक प्रयास के साथ प्रधानमंत्री मोदी जी ने गुजरात और देश की जनता की सेवा की है उसका परिणाम हमें इस प्रचंड जीत में दिखाई देता है। आज बहुत ऐतिहासिक दिन है, प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में हमें गुजरात में रिकॉर्ड तोड़ते हुए जीत हासिल हुई है।
  • बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि गुजरात की जीत ऐतिहासिक है। बीजेपी के सभी कार्यकर्ताओं को बहुत-बहुत बधाई। गुजरात में जीत के लिए पीएम का अभिनंदन।
  • भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नई दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे हैं।
  • पार्टी मुख्यालय पहुंचे पीएम मोदी।
  • जश्न मनाने BJP मुख्यालय से जुटे कार्यकर्ता, थोड़ी देर में होगा पीएम मोदी का संबोधन।
  • वहीं इस जीत के बाद पीएम आज शाम 6 बजे दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय पहुंचेगें और कार्यकर्ताओं को संबोधित भी करेंगे। पीएम भाजपा मुख्‍यालय, म‍िंटो रोड जाने वाले हैं। जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच गए हैं।

हिमाचल चुनाव को लेकर भी पीएम ने किया ट्वीट

वहीं पीएम ने हिमाचल चुनाव को लेकर भी जनता का धन्यवाद किया। पीएम ट्वीट कर लिखा कि मैं हिमाचल प्रदेश की जनता को भाजपा को मिले स्नेह और समर्थन के लिए धन्यवाद देता हूं। हम आने वाले समय में राज्य की आकांक्षाओं को पूरा करने और लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए काम करते रहेंगे।

हालांकि हिमाचल चुनाव में बीजेपी फिसड्डी साबित हुई है। सुबह से ही ह‍िमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे की टक्‍कर देखी जा रही थी। लेकिन अब जीत के पूरे आसार कांग्रेस के नजर आ रहे हैं। शुरुआती रुझानों के बाद यह साफ हो गया है कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनने वाली है। क्योंकि 68 सीटों की विधानसभा में 38 सीटों पर कांग्रेस आगे चल रही है। वहीं बीजेपी को 27 सीटों पर ही देखा जा रहा है। वहीं आम आदमी पार्टी तो कहीं दूर तक भी नजर नहीं आ रही है।

संबंधित खबरें:

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here