कर्नाटक चुनाव नजदीक है। इसके बाद चार राज्यों के विधानसभा चुनाव और अगले साल होने वाला लोकसभा चुनाव की भी गिनती शुरू हो चुकी है। ऐसे में कांग्रेस और बीजेपी में ट्वीटर से लेकर रैली वार शुरू हो गया है। दोनों ही पार्टियों के दिग्गज नेता ‘आरोप-प्रत्यारोपों’ को हरी झंडी देते हुए एक दूसरे पर तीखा हमला बोल रहे हैं। एक तरफ जहां राहुल गांधी और उनके नेता बीजेपी के नाकामियों को गिनाने में लगे हैं। वहीं बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह ने इस रैली को परिवार आक्रोश रैली करार दिया। शाह ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए ट्वीट किया, ‘एक वंश और उनके दरबारी एक के बाद एक जनादेश के चलते राज्यों से बेदखल हो रहे हैं और अब वे जनाक्रोश व्यक्त कर रहे हैं। आज की कांग्रेस रैली कुछ नहीं है बल्कि परिवार आक्रोश रैली है, जो उनकी घटती प्रासंगिकता का परिचय देती है।’

वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की रैली में मनमोहन सिंह ने बीजेपी के वादों को गिनाते हुए देश के लोकतंत्र को खतरे में बताया। उन्होंने कहा कि नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग हजारों करोड़ रुपए लेकर भाग गए। भारत में लोकतंत्र को खतरा बढ़ रहा है, इसके मजबूत करने के लिए हम सबको मिलकर सरकार से मुकाबला करना होगा। दुनिया भर में पेट्रोलियम पदार्थों की कीमत कम हो रही है, भारत में बढ़ रही है।  मनमोहन सिंह ने कहा, हर साल 2 करोड़ के रोजगार का क्या हुआ, डीजल और पेट्रोल की कीमतें कम करने के वादे का क्या हुआ। मोदी सरकार ने बहुत वादे किए, अब हिसाब देने का समय आ गया।

वहीं सोनिया गांधी ने भी बीजेपी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि दिशाविहीन और देश के लोगों से झूठे मुकाबले करने वाली सरकार का हम मुकाबला करेंगे। राहुल के नेतृत्व में मिलकर हम सब उनके मुकाबले का संकल्प लें। अर्थव्यवस्था को मोदी सरकार की नीतियों ने पूरी तरह से चौपट कर दिया है। मोदी सरकार ने हर संवैधानिक संस्था को कमज़ोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सोनिया गांधी ने कहा कि मोदी सरकार सरकारी एजेंसियों और मीडिया का गलत प्रयोग कर रही है। इस समय देश में बेटियां सुरक्षित नहीं है। उनके अपराधियों को संरक्षण मिल रहा है।

राहुल गांधी ने बीजेपी को वादों वाली पार्टी बताया। उन्होंने कहा कि मोदी जी कहते थे, बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ, मोदी जी को पहली बार लोगों ने विदेश में बताया कि यूपी और जम्मू में आपके लोग ही यह काम नहीं कर रहे हैं। राहुल गांधी ने कहा कि रोहित वेमुला को मार दिया। उना में दलितों को पीटा गया और मोदी चुप रहते हैं। दलितों, आदिवासियों, महिलाओं, अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा। अगर कांग्रेस खड़ी नहीं होती तो देश के किसानों की जमीन नरेंद्र मोदी छीनकर ले जाते। अरुण जेटली कहते हैं कि किसानों का कर्ज माफ करना हमारी पॉलिसी नहीं है।

राहुल गांधी ने कहा कि- मैं मोदी जी के पास किसानों का कर्ज माफ करवाने गया, उनके मुंह से एक शब्द नहीं निकला। चीन हमारे मुकाबले काफी लोगों को रोजगार दे रहा है। लेकिन हमारे यहां 2 करोड़ रोजगार की बात मोदी जी ने की थी, रोजगार छोड़ो 8 साल में सबसे ज्यादा बेरोजगारी है। आईआईटी, आईआईएम में हर संस्थान में आरएसएस के लोग भरे जा रहे हैं। हिंदुस्तान के हर संस्थान को बर्बाद किया जा रहा है और मोदी जी चुप हैं। सेना के पास हथियार नहीं है, पैसा नहीं है और सरकार राफेल विमान को महंगे दामों में खरीद रही है। राहुल गांधी ने तंज कसते हुए कहा कि मोदी भाषण देते हैं और लोग उसमें सच्चाई खोजते हैं। पीएम मोदी जहां भी जाते हैं, वायदा कर देते हैं, पर सच्चाई नहीं होती। अपनी पार्टी के बारे में राहुल गांधी कहते हैं कि कांग्रेस का कार्यकर्ता शेर का बच्चा है, इसको मारो-पीटो यह नहीं डरने वाला है। आज कांग्रेस के कार्यकर्ता की शक्ति लोगों को दिखाई दे रही है। मोदीजी ने कांग्रेस के बारे में झूठ फैलाया, अब सच बाहर आ रहा है। हमने देश को जोड़ने का काम किया है, हमने देश की महिलाओं, आदिवासियों, दलितों की रक्षा करने का काम किया है, ये हमारा काम है। हिंदुस्तान की इमारत के लिए कांग्रेस पार्टी पानी है, जैसे हर इमारत के लिए पानी सबसे जरूरी होता है, वैसे देश के लिए कांग्रेस पार्टी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here